home page

जशपुर : जिला अस्पताल से स्कूटी चुराने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, वाहन बरामद

 | 
जशपुर : जिला अस्पताल से स्कूटी चुराने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, वाहन बरामद


जशपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जिला अस्पताल परिसर से चोरी हुई स्कूटी के मामले का महज़ कुछ ही दिनों में पर्दाफाश करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी की गई हीरो मैस्ट्रो स्कूटी (सीजी 10 यू 5513) भी बरामद कर ली है। इस मामले में पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान जागेश्वर विश्वकर्मा (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम तमया का निवासी है।

यह पूरा मामला तब प्रकाश में आया जब जिला अस्पताल जशपुर में मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट के पद पर कार्यरत प्रार्थिया अनिमा लकड़ा ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि बीते 9 जुलाई 2026 को सुबह करीब 9:15 बजे उन्होंने अपनी स्कूटी अस्पताल परिसर स्थित सीटी स्कैन यूनिट के सामने पार्किंग में खड़ी की थी। दोपहर करीब 2:15 बजे जब वह ड्यूटी खत्म कर वापस लौटीं, तो स्कूटी वहां से गायब थी। किसी अज्ञात चोर द्वारा वाहन चोरी किए जाने की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 218/2026 दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू की।

संदेहियों और चोरी गए वाहन की तलाश में जुटी पुलिस टीम को 13 जुलाई 2026 को एक अहम सुराग मिला। मुखबिर से सूचना मिली कि मिलन चौक के पास एक संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है, जिसके पास चोरी की स्कूटी हो सकती है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर संदेही जागेश्वर विश्वकर्मा को हिरासत में ले लिया। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने जिला अस्पताल परिसर से स्कूटी चोरी करने की बात कबूल कर ली।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि, अस्पताल परिसर में स्कूटी पर चाबी लगी देखकर उसका मन डोल गया था। मौके का फायदा उठाकर वह स्कूटी चुराकर अपने गांव ले गया और पहचान छुपाने के लिए गाड़ी के आगे-पीछे लिखे नंबरों को मिटा दिया। आरोपित इस चोरी की स्कूटी को खपाने के इरादे से दोबारा जशपुर आया था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस त्वरित और सफल कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक मनोज सिंह, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा, आरक्षक शोभनाथ सिंह और विनोद तिर्की की सराहनीय भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह