home page

जनकपुरी में 1.15 करोड़ की ज्वैलरी के साथ दो नाबालिग सहित तीन पकड़े

 | 
जनकपुरी में 1.15 करोड़ की ज्वैलरी के साथ दो नाबालिग सहित तीन पकड़े


नई दिल्ली, 01 मार्च (हि.स.)। पश्चिमी जिला पुलिस ने जनकपुरी इलाके में हुई करोड़ों की चोरी का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया। मामले में दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब 1.15 करोड़ रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद की है। जिसमें सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल शामिल है।

पश्चिमी जिले के पुलिस उपायुक्त दराडे शरद भास्कर ने रविवार को बताया कि घटना 22 फरवरी की है। थाना जनकपुरी क्षेत्र के पोसांगीपुर गांव में रात के समय चोरी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि सीढ़ियों की दीवार तोड़कर घर में प्रवेश किया गया था। पहली, दूसरी और तीसरी मंजिल के कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था।

शिकायतकर्ता, जो पोसांगीपुर स्थित “अशोक लिफाफा स्टोर” चलाते हैं, ने बताया कि वह 21 फरवरी की रात करीब साढ़े नौ बजे दुकान और मकान बंद कर अपने किराए के घर चले गए थे। अगले दिन सुबह लगभग 11:15 बजे लौटने पर उन्हें घर में सेंधमारी और लाखों के गहने व नकदी चोरी होने की जानकारी मिली।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से 24 फरवरी को पोसांगीपुर पार्क के पास से दो नाबालिग को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर तीसरे आरोपित दिव्यांश शर्मा उर्फ बब्बू (18) को दबोचा गया। वह पोसांगीपुर गांव ा ही रहपे वाला है। पुलिस के अनुसार तीनों ने आपसी साजिश के तहत रात में घर में सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अधिकारी के अनुसार आरोपितों के कब्जे से करीब 650 ग्राम सोने के आभूषण, लगभग 3 किलोग्राम चांदी के सामान, 7,00,119 रुपये नकद, अन्य कीमती सामान शामिल है। पुलिस का कहना है कि कुल बरामदगी की कीमत लगभग 1.15 करोड़ रुपये आंकी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी