केंदा में नाबालिग से कथित छेड़छाड़ का आरोप, गिरफ्तार आरोपित
पश्चिम बर्दवान, 17 जून (हि. स.)। जामुड़िया के खास केंदा इलाके में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित छेड़छाड़ और दुर्व्यवहार की घटना सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी।
परिवार के अनुसार, नाबालिग लड़की अपनी सहेली को बुलाने के लिए पड़ोस के घर गई थी। आरोप है कि वहां मौजूद सहेली के दादाजी (55) ने उसे घर के अंदर रोक लिया। परिजनों का कहना है कि शुरुआत में उन्हें बच्ची के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली, लेकिन पड़ोसियों ने रोने की आवाज सुनने के बाद सूचना दी।
लड़की के पिता नारायण महाराणा ने बताया कि बेटी काफी देर तक नहीं मिलने पर खोजबीन शुरू की गई। इसी दौरान जानकारी मिली कि बच्ची पड़ोसी के घर में है। उनका आरोप है कि जब वे वहां पहुंचे तो पहले आरोपित ने बच्ची के घर आने से इनकार किया, लेकिन बाद में बच्ची उसी घर से बाहर आई।
परिजनों का दावा है कि बच्ची ने बताया कि उसके हाथ-पैर और मुंह बांध दिए गए थे तथा उसके साथ मारपीट भी की गई। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से आरोपित को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
केंदा चौकी की पुलिस आरोपित मोहम्मद मुस्तफा अंसारी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। नाबालिग के परिवार की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। हालांकि आरोपित मोहम्मद मुस्तफा अंसारी ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना को लेकर स्थानीय भाजपा नेताओं ने कहा कि इस मामले को राजनीतिक या जातीय रंग नहीं दिया जाना चाहिए। उनका कहना है कि यह एक नाबालिग बच्ची से जुड़ा गंभीर मामला है और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि सूचना मिलते ही आरोपित को हिरासत में लिया गया।
स्थानीय नेताओं ने बताया कि मामले की जानकारी जामुड़िया के विधायक विजन मुखर्जी और संबंधित जनप्रतिनिधियों को भी दी गई है। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया चल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

