जामुन तोड़ने को लेकर दो पक्षों में हुए खूनी संघर्ष में पांच घायल, जिला अस्पताल में भर्ती
फतेहपुर, 26 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के असोथर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को जामुन तोड़ने के बहाने पुरानी रंजिश काे लेकर एक परिवार के दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस मारपीट में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। हालत नाजुक हाेने पर अस्पताल भेजा गया है।
असोथर थाना क्षेत्र के जरौली गांव के मजरे देशी का डेरा निवासी रामबाबू पुत्र रामराज, दिनेश पुत्र रामराज, बुधराज पुत्र रामराज, अनीता पत्नी बुधराज, आशा पत्नी रामविशाल, रागनी पुत्री रामनरेश और रवि पुत्र रामनरेश ने जामुन तोड़ने के विवाद में अपने पट्टीदार राजेंद्र कुमार पुत्र जयराम निषाद, राजकुमार पुत्र जयराम निषाद, गायत्री देवी पत्नी राजकुमार, रीता देवी पत्नी रमेश चंद्र तथा ममता पुत्री राजकुमार पर कुल्हाड़ी, सरिया, लाठी-डंडों तथा धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में राजेंद्र कुमार (35) पुत्र जयराम निषाद, राजकुमार (45) पुत्र जयराम निषाद, गायत्री देवी (42) पत्नी राजकुमार, रीता देवी (39) पत्नी रमेश चंद्र तथा ममता (16) पुत्री राजकुमार घायल हो गए।
परिजनों का आरोप है कि घटना के दौरान डायल-112 पुलिस मौके पर मौजूद रही और हमलावर मारपीट करते रहे। घटना के बाद सभी घायलों को निजी वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असोथर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल सदर रेफर कर दिया।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी रमाशंकर सरोज और जरौली चौकी प्रभारी अंकुश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। थाना प्रभारी रमाशंकर सरोज ने बताया कि जामुन तोड़ने और पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद और मारपीट हुई है। अभी किसी भी पक्ष से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

