जल जीवन मिशन घोटाला: सुबोध अग्रवाल सहित आरोपियों की तलाश में 16 दिन से सर्च ऑपरेशन
जयपुर, 04 मार्च (हि.स.)। जल जीवन मिशन में हजारों करोड़ रुपये के कथित भ्रष्टाचार मामले में फरार चल रहे आरोपित सुबोध अग्रवाल व अन्य की गिरफ्तारी के लिए एसीबी का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। 17 फरवरी 2026 से शुरू हुई पतारसी कार्रवाई को बुधवार तक 16 दिन पूरे हो चुके हैं। इस दौरान पुलिस की 40 विशेष टीमें विभिन्न राज्यों में लगातार दबिश दे रही हैं।
एसीबी पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता के अनुसार उप महानिरीक्षक पुलिस एवं पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उप अधीक्षक पुलिस, पुलिस निरीक्षक व अन्य अधिकारियों की टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। अब तक जयपुर, उदयपुर, बाड़मेर, जोधपुर, झालावाड़, कोटा, नागौर, विराटनगर, निवाई (टोंक), चंदवाजी-आमेर, गंगापुर सिटी सहित नई दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा के फरीदाबाद व सोहना, उत्तर प्रदेश के नोएडा, मेरठ, प्रयागराज, बुलंदशहर, खुर्जा तथा मुंबई समेत करीब 21 शहरों में 100 से अधिक संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा चुकी है। इनमें आरोपियों के जयपुर स्थित सी-स्कीम, निर्माण नगर, मान्यावास, बजाज नगर विस्तार और सुंदर नगर स्थित आवास, आसपास के सिवाड़, बगरू व बिंदायका के फार्म हाउस, नई दिल्ली की न्यू मोती बाग व डिफेंस कॉलोनी, फरीदाबाद सेक्टर-39, नोएडा, सोहना के फार्म हाउस तथा मुंबई के मालाबार हिल और जुहू क्षेत्र में रिश्तेदारों के घर शामिल हैं।
पुलिस अब तक करीब 50 लोगों से पूछताछ कर चुकी है। इनमें आरोपियों के करीबी रिश्तेदार, मित्र, ड्राइवर, नौकर व संभावित रूप से आश्रय देने वाले व्यक्ति शामिल हैं।
तकनीकी स्तर पर भी जांच तेज की गई है। पांच शहरों में आरोपियों व उनके परिचितों के ठिकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण कर सूचनाएं जुटाई जा रही हैं। इसी क्रम में दिल्ली, मुंबई, नोएडा, फरीदाबाद और मेरठ से चार व्यक्तियों गौरव अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, समीर अग्रवाल तथा प्रणव चंद्रा को पूछताछ के लिए लाया गया। पुलिस इनसे आरोपियों के संभावित ठिकानों व संपर्कों के बारे में जानकारी जुटा रही है। वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी तक सघन सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा और सहयोग देने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

