home page

शराब और नशे की लत ने उजाड़ा परिवार, पिता की पिटाई से 2 साल के बेटे की मौत

 | 

नई दिल्ली, 20 जून (हि.स.)। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के जैतपुर इलाके में घरेलू विवाद के दौरान पिता की बेरहमी का शिकार हुए दो साल के मासूम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी शराब और नशे का आदी है।

पुलिस के मुताबिक, 19 जून को दोपहर करीब 1:30 बजे जैतपुर थाना पुलिस को पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना में मिथापुर स्थित लखपत कॉलोनी पार्ट-2 में एक परिवार के साथ मारपीट की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां रहने वाली आरती ने पुलिस को बताया कि उसके पति चंदन शर्मा ने घरेलू विवाद के बाद उसके साथ और दोनों नाबालिग बच्चों के साथ बेरहमी से मारपीट की।

मारपीट में गंभीर रूप से घायल दो वर्षीय बेटे को तुरंत सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान 20 जून की सुबह उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपित चंदन शर्मा पेशे से बढ़ई है और शराब व नशे का आदी है। घटना के बाद जैतपुर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और किशोर न्याय अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है। बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना के समय आरोपित नशे की हालत में था या नहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी