home page

जैतपुर में सुनसान कमरे में मिला 36 वर्षीय व्यक्ति का शव

 | 

नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (हि.स.)। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के जैतपुर इलाके में शुक्रवार को एक सुनसान कमरे में 36 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान शक्तिविहार निवासी संदीप के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने क्राइम टीम को मौके पर बुलाकर जांच कराई। इसके बाद शव को सफदरजंग अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर को जैतपुर के टंकी रोड पर गली नंबर-6ए के पास एक खाली पड़े कमरे में शव मिलने की सूचना पीसीआर कॉल के जरिए मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। उसकी पहचान संदीप (36) के रूप में हुई।

पुलिस ने घटनास्थल पर क्राइम टीम को बुलाया, जिसने निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को चिकित्सकीय जांच और अन्य कानूनी औपचारिकताओं के लिए सफदरजंग अस्पताल भेज दिया गया।

फिलहाल संदीप की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के कारणों का खुलासा जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी