home page

जयपुर दक्षिण पुलिस ने 62 लाख से अधिक के मादक पदार्थ की नष्ट

 | 
जयपुर दक्षिण पुलिस ने 62 लाख से अधिक के मादक पदार्थ की नष्ट


जयपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। जयपुर दक्षिण पुलिस ने ‘मिशन जागृति’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जब्त किए गए अवैध मादक पदार्थों का निस्तारण किया। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई, जिसमें विभिन्न थाना क्षेत्रों से बरामद मादक पदार्थों को नियमानुसार नष्ट किया गया।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज के अनुसार, महेश नगर, मानसरोवर, मुहाना, सांगानेर सदर, सोडाला, शिप्रापथ, श्याम नगर, शिवदासपुरा और विद्याधर नगर थाना क्षेत्रों में कार्रवाई के दौरान समय-समय पर जब्त किए गए मादक पदार्थों को चयनित मामलों में नष्ट किया गया। एनडीपीएस एक्ट की धारा 52 के तहत गठित औषधि व्ययन समिति द्वारा 24 किलो 605 ग्राम गांजा,249 ग्राम 64 मिलीग्राम स्मैक और 8 ग्राम 600 मिलीग्राम चरस को विधिवत प्रक्रिया अपनाते हुए नष्ट किया गया।

इन मादक पदार्थों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 62 लाख 33 हजार 250 रुपए आंकी गई है। पुलिस का कहना है कि अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ‘मिशन जागृति’ के तहत जयपुर पुलिस नशे के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है, जिससे समाज में जागरूकता के साथ-साथ अपराध पर भी प्रभावी नियंत्रण हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश