home page

जयपुर में 50 से अधिक पर्स स्नैचिंग करने वाला बदमाश साथी सहित गिरफ्तार

 | 
जयपुर में 50 से अधिक पर्स स्नैचिंग करने वाला बदमाश साथी सहित गिरफ्तार


जयपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। मुरलीपुरा थाना पुलिस ने राह चलते लोगों और अकेली महिलाओं को निशाना बनाकर पर्स छीनने की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर बदमाश और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से लूटी गई ज्वेलरी, छह मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई लाल रंग की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपित जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पर्स और मोबाइल छीनने की 50 से अधिक वारदातों को अंजाम दे चुका है। आरोपित नशे की लत पूरी करने के लिए आपराधिक वारदातें करता था, जबकि उसका साथी लूटे गए सामान को खरीदकर आगे खपाने का काम करता था।

डीसीपी जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपित शरीफ उर्फ सोनू उर्फ जट्ठल (28) निवासी मनोहरपुर हाल खोरा बीसल है। वहीं दूसरे आरोपित की पहचान दिलीप कुमार (28) निवासी किंजर जिला अरवल (बिहार) हाल खोरा बीसल के रूप में हुई है। मुख्य आरोपित शरीफ के खिलाफ विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार 9 नवंबर 2026 को परिवादिया सोनू शर्मा पत्नी चंदन शर्मा ने मुरलीपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि वह पथ नंबर सात, मुरलीपुरा स्थित दीपा ब्यूटी पार्लर से बाहर निकल रही थीं। इसी दौरान लाल रंग की तेज रफ्तार बाइक पर सवार होकर आए बदमाश ने उनके हाथ से भूरे रंग का लेडीज पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गया।

पर्स में मूल दस्तावेज, सोने की दो अंगूठियां, एक सोने की चेन, 25 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन रखा हुआ था। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

डीसीपी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए मुरलीपुरा थानाधिकारी वीरेन्द्र कुरील के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और आरोपियों की गतिविधियों के आधार पर जांच की गई। पुलिस ने फुटेज के जरिए मुख्य आरोपित की पहचान कर उसे दस्तयाब किया। पूछताछ में सामने आया कि शरीफ पर्स और मोबाइल छीनने की वारदातों को अंजाम देता था तथा लूटा गया सामान अपने साथी दिलीप कुमार को बेच देता था। इसके बाद पुलिस ने लूटे गए सामान की खरीद-फरोख्त में शामिल दिलीप को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी शरीफ जयपुर कमिश्नरेट के भट्टाबस्ती, विद्याधर नगर, चौमूं, शास्त्री नगर और हरमाड़ा सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में 50 से अधिक वारदातों को अंजाम दे चुका है। आरोपित नशे का आदी है और अपनी नशे की जरूरत पूरी करने के लिए राह चलते लोगों तथा अकेली महिलाओं को निशाना बनाता था। वह तेज रफ्तार मोटरसाइकिल से वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाता था। लूटे गए सामान को ठिकाने लगाने में दिलीप उसकी मदद करता था।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपिताें के कब्जे से लूटी गई ज्वेलरी, छह मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त लाल रंग की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अब आरोपिताें से पूछताछ कर उनके द्वारा की गई अन्य वारदातों, लूटे गए सामान की खरीद-फरोख्त और अन्य संभावित सहयोगियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश