आईपीएल सट्टेबाजी पर जयपुर पुलिस का बड़ा प्रहार: तीन जगह कार्रवाई करते हुए किए पांच सटोरियों को गिरफ्तार
जयपुर, 28 मई (हि.स.)। आईपीएल क्रिकेट मैचों के दौरान सक्रिय ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क के खिलाफ जयपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर पांच सटोरियों को गिरफ्तार किया है। चौमूं थाना पुलिस और कमिश्नरेट की क्राइम स्पेशल टीम (सीएसटी) ने संयुक्त व अलग-अलग कार्रवाई में लाखों-करोड़ों रुपये के ऑनलाइन सट्टे का खुलासा करते हुए बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, नकदी और सट्टे का रिकॉर्ड बरामद किया है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि चौमूं थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर टारगेट स्कूल के पास स्थित एक मकान पर दबिश देकर राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए आईपीएल एलिमिनेटर मैच पर ऑनलाइन सट्टा चला रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में मक्खन लाल सैनी (42) निवासी चौमूं और सुरेन्द्र सैनी (40) निवासी सीकर शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 08 मोबाइल फोन, 01 लैपटॉप, 01 आईपैड, 01 टैबलेट, माइक, ब्लूटूथ स्पीकर सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी जूम एप के जरिए ग्राहकों को आईडी-पासवर्ड देकर हर गेंद और ओवर पर सट्टा लगवा रहे थे। मामले में बनवारी लाल मीणा और महेश सैनी फरार बताए गए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
वहीं कमिश्नरेट की सीएसटी और माणकचौक थाना पुलिस ने तालकटोरा कॉलोनी में कार्रवाई करते हुए आरसीबी और गुजरात टाइटंस मैच पर “shubh7019” आईडी के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिलाते दो सटोरियों को गिरफ्तार किया। पुलिस उपायुक्त (अपराध) संजीव नैन ने बताया कि आरोपी एक कमरे को हाईटेक सट्टा ब्रांच में बदलकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से लोगों को जोड़ रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजकुमार अग्रवाल (46) और सुनील गर्ग (47) निवासी तालकटोरा कॉलोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से एक आईपैड और चार एंड्रॉइड मोबाइल फोन जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में लाखों रुपये के अवैध लेन-देन का अंदेशा जताया गया है।
इसी क्रम में सीएसटी और शिप्रापथ थाना पुलिस ने न्यू सांगानेर रोड स्थित अरावली एन्क्लेव में दबिश देकर बीकानेर निवासी बड़े क्रिकेट बुकी ओमप्रकाश (40) को गिरफ्तार किया। आरोपी एसआरएच बनाम राजस्थान रॉयल्स मैच पर “ALLPANELEXCH9.CO” मास्टर आईडी के जरिए ऑनलाइन सट्टा चला रहा था। पुलिस ने मौके से दो मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 40 हजार रुपये नकद और करोड़ों रुपये के सट्टे के हिसाब की स्लिप पैड बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने ग्राहकों को फोन पर मैच के रेट देकर सट्टा खिलाने और 40 प्रतिशत कमीशन लेने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने तीनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता,आईटी एक्ट और राजस्थान गैंबलिंग ऑर्डिनेंस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जब्त मोबाइल, लैपटॉप और अन्य उपकरणों की तकनीकी जांच कर नेटवर्क से जुड़े अन्य बुकी, सहयोगियों और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

