जयपुर पुलिस का अवैध हुक्का बारों पर शिकंजा: दो कैफे पर छापेमारी, दो मैनेजर गिरफ्तार
जयपुर, 18 जून (हि.स.)। जयपुर पूर्व जिला पुलिस ने अवैध रूप से संचालित हुक्का बारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जवाहर सर्किल और बजाज नगर थाना क्षेत्रों में दो अलग-अलग कैफे पर छापेमारी कर दो मैनेजरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से हुक्के, चिलम, तंबाकूयुक्त फ्लेवर और अन्य उपकरण जब्त किए हैं। वहीं हुक्का पी रहे युवक-युवतियों के खिलाफ कोटपा अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई भी की गई।
पुलिस उपायुक्त जयपुर (पूर्व) रंजिता शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल तथा सहायक पुलिस आयुक्त (मालवीय नगर) विनोद शर्मा के सुपरविजन में गठित टीमों ने यह कार्रवाई की।
जहां जवाहर सर्किल थाना प्रभारी महेश चंद के नेतृत्व में गठित टीम को 17 जून को सूचना मिली कि जेएलएन मार्ग स्थित यूडीबी बिल्डिंग में संचालित 3डी रेस्टोरेंट एंड बार में ग्राहकों को अवैध रूप से हुक्का परोसा जा रहा है। सूचना पर उपनिरीक्षक श्याम प्रकाश मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और दबिश दी।
पुलिस ने पाया कि कैफे में ग्राहकों को तंबाकूयुक्त फ्लेवर वाला हुक्का परोसा जा रहा था। लाइसेंस संबंधी दस्तावेज मांगने पर प्रबंधक कोई वैध अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 7 हुक्के, 7 पाइप, 7 चिलम तथा ‘एक्सट्रीम गोल्ड लाइन आइस मैंगो’ फ्लेवर के तीन डिब्बे जब्त किए। पुलिस ने कैफे के मैनेजर जितेंद्र सिंह (39) निवासी जयसिंहपुरा, भांकरोटा को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा हुक्का पी रहे छह युवकों के खिलाफ कोटपा अधिनियम की धारा 4 एवं 6 के तहत 200-200 रुपए का चालान काटा गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई बजाज नगर थाना क्षेत्र में दुर्गापुरा स्थित एसएल मार्ग पर संचालित मर्करी कैफे एंड रूफटॉप लाउंज में की गई। थाना प्रभारी रामधन डोभाल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक गिरवर सिंह एवं टीम ने कैफे पर अचानक दबिश दी।
पुलिस को देखकर कैफे का मैनेजर मौके से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने कोटपा अधिनियम की धारा 4क/21क के तहत मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मौके से 3 हुक्के, फ्लेवर से भरी 3 चिलम, 6 पाइप, एक चिमटा तथा एक कोयला जाली बरामद की। गिरफ्तार आरोपित की पहचान विनय अधिकारी (36) निवासी राजमहल पैलेस स्टाफ क्वार्टर्स, सी-स्कीम, अशोक नगर के रूप में हुई है। कैफे में मौजूद हुक्का पी रहे युवक-युवतियों के खिलाफ भी कोटपा एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई की गई।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजिता शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में देर रात तक अवैध रूप से संचालित कैफे, हुक्का बार तथा नशीले पदार्थों की गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने पिछले दो दिनों में क्वीन्स हब क्लब और 3डी रेस्टोरेंट समेत कई स्थानों पर कार्रवाई की है।
उन्होंने कहा कि अवैध हुक्का बारों और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी रखी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

