उज्जैनः महिला को शादी का झांसा देकर 35 लाख ठगने वाला जयपुर का आरोपी गिरफ्तार
उज्जैन , 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में शादी का झांसा देकर महिला से 35 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो बच्चों के बाप को पुलिस ने जयपुर से दबोच लिया है। आरोपी ने मार्च 2025 से महिला के संपर्क में रहकर उसे शादी करने का विश्वास दिया। जिसके बाद उसने महिला से अलग-अलग समय में रुपए लिए। जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने मार्च 2026 में विवाह से इंकार कर दिया। विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी भी दी।
माधव नगर थाना प्रभारी गजेन्द्र पचोरिया ने गुरुवार को बताया कि उज्जैन निवासी पीडि़ता ने 13 मई 2026 को माधवनगर थाने में आरोपी मनीष पिता तीरथदास 36 वर्ष निवासी मानसरोवर जयपुर के खिलाफ प्रकरण दर्ज करवाया था। महिला ने पुलिस को बताया था कि आरोपी से उसकी मुलाकात मार्च 2025 में हुई थी। मनीष ने उसे भावनात्मक रूप से झांसे में लिया और उसे शादी करने का भरोसा दिया। मनीष की बातों में आकर उसने अलग-अलग समय पर मनीष को 1 करोड़ 27 लाख रु.दे दिए। लेकिन पुलिस की पूछताछ में सामने आए तथ्यों के अनुसार आरोपी ने महिला से करीब 35 लाख रु. प्राप्त किए थे। काफी समय तक शादी का भरोसा देने के बाद आरोपी ने मार्च 2026 में विवाह करने से इनकार कर दिया। जिसके बाद महिला ने थाने में शिकायत की। लगातार तलाश के बाद आरोपी पकड़ा गया। वह पहले से ही शादीशुदा है उसके दो बच्चे भी है। पुलिस ने उसे न्यायालय के आदेश के बाद जेल भेज दिया।
महिलाओं के पैसों से करता था ऐशपुलिस ने बताया कि मनीष एक स्थान पर स्थायी रूप से नहीं रहता था। वह अलग-अलग जगह किराये के कमरे लेकर अपना ठिकाना बदलता रहता था। उसके शौक भी महंगे बताए गए। मनीष महिलाओं से बातचीत कर पहले उनके साथ नजदीकी बढ़ाता था। इसके बाद शादी करने की बात कहकर उनका भरोसा जीतता और संबंध स्थापित करता था। जब महिला उसकी बातों पर विश्वास करने लगती तो शादी की तैयारी या अन्य जरूरतों के नाम पर उससे रुपए लेने का सिलसिला शुरू कर देता था।
मोबाइल और महंगा सामान जब्त कियापुलिस ने उसकी निशानदेही के बाद दो महंगे मोबाइल फोन और ऑनलाइन शॉपिंग के जरिए खरीदा गया कीमती सामान भी जब्त किया है। पुलिस अब उसके बैंक लेनदेन, ऑनलाइन खरीदारी और महिला से लिए गए पैसों के उपयोग से संबंधित जानकारी भी जुटा रही है, ताकि ठगी की पूरी कड़ी सामने आ सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

