जयपुर सेंट्रल जेल में कैदी पर जानलेवा हमला
जयपुर, 12 जून (हि.स.)। जयपुर सेंट्रल जेल में बंद एक कैदी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल कैदी चेतन सिंह उर्फ ऋषिराज (24) को सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद जेल प्रशासन की ओर से लालकोठी थाने में मामला दर्ज कराया गया है, जबकि परिजनों ने जेल के भीतर अवैध गतिविधियों और कुछ जेल कर्मियों की संलिप्तता के गंभीर आरोप लगाए हैं।
एसीपी गांधीनगर नारायण कुमार ने बताया कि जयपुर सेंट्रल जेल में कैदियों के बीच मारपीट की घटना हुई है, जिसमें एक बंदी घायल हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटना के कारणों सहित सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
घायल कैदी चेतन सिंह डकैती और हत्या के मामले में वर्ष 2020 से जेल में बंद है। उसे वर्ष 2024 में सालयावास सेंट्रल जेल, बाद में उदयपुर सेंट्रल जेल और फिर टोंक जिला जेल भेजा गया था। करीब सात महीने पहले उसे दोबारा जयपुर सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया गया था। जेल में रहते हुए वह आईटीआई की पढ़ाई भी कर रहा था।
वहीं कैदी की मां अंतर भवर ने जेल महानिदेशक को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि आईटीआई क्लास के दौरान बंदी सुभाष धोबी और विष्णु पंडित ने ब्लेड नुमा धारदार हथियार से उनके बेटे पर हमला किया। गंभीर रूप से घायल होने पर उसे एसएमएस अस्पताल पहुंचाया गया।
परिजनों का आरोप है कि जेल के भीतर चल रही कथित अवैध गतिविधियों की जानकारी चेतन को हो गई थी। इसी कारण उसे पहले धमकियां दी गईं और बाद में उस पर हमला कराया गया। शिकायत में जेल में मेट के पद पर कार्यरत सुमेर सिंह गुर्जर, बंदी अर्जुन उर्फ चीफ, मनीष सैनी, विष्णु पंडित और ललित के नाम भी शामिल किए गए हैं।
घायल कैदी के भाई गजराज सिंह ने आरोप लगाया कि जेल के भीतर गुटखा, बीड़ी, मोबाइल फोन और नशीले पदार्थों की सप्लाई होती है। उनका दावा है कि चेतन को इन गतिविधियों की जानकारी हो गई थी और उसने इसकी शिकायत जेल आईजी विक्रम सिंह तथा डीजी अशोक राठौड़ को की थी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया था कि पैसे लेकर बंदियों के बाड़े बदले जाते हैं।
गजराज सिंह का कहना है कि शिकायत के बाद उनके भाई को मुंह बंद रखने की धमकी दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी के बाद अन्य बंदियों के जरिए हमला करवाया गया।
इधर जेल आईजी विक्रम सिंह ने बताया कि घटना की सूचना कंट्रोल रूम से प्राप्त हुई थी। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उधर घायल कैदी के परिजनों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और चेतन सिंह की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं पुलिस और जेल प्रशासन दोनों स्तर पर मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

