home page

जेल प्रहरी ने बैल्ट के नीचे अंडरवियर में टेप से चिपका कर रखी जर्दें की पुडिय़ां

 | 
जेल प्रहरी ने बैल्ट के नीचे अंडरवियर में टेप से चिपका कर रखी जर्दें की पुडिय़ां


जोधपुर, 24 मार्च (हि.स.)। जोधपुर केंद्रीय कारागार लगातार सुर्खियों मेें बना हुआ है। लगातार जेल में निषिद्ध सामग्री मिल रही है। सबसे बड़ी बात है कि खुद जेल की सुरक्षा में लगे प्रहरी भी निषिद्ध सामग्री जेल में पहुंचाने से बाज नहीं आ रहे है। कुछ दिनों पहले एक जेल प्रहरी को निषिद्ध सामग्री के साथ पकड़ा गया था। अब एक बार फिर जेल प्रहरी ने अपनी ड्यूटी पर ज्वाइन करते समय तलाशी में जर्दें की पुडिय़ों के साथ पकड़ा गया है। उसने बैल्ट के नीचे अंडरवियर में टेप से चिपका कर चार जर्दां पुडिय़ां बांध रखी थी। जेल प्रहरी के खिलाफ अब जेल अधीक्षक की तरफ से रातानाडा थाने में रिपोर्ट दी गई है। जिसमें जांच आरंभ की गई है।

रातानाडा पुलिस ने बताया कि सोमवार को दिन में दो बजे से रात दस बजे के बीच में जेल आरएसी हैडकांस्टेबल नेमीचंद, कांस्टेबल तखतसिंह एवं महिला कांस्टेबल की ड्यूटी तलाशी कक्ष में थी। ड्यूटी पर दो बजे के बाद जेल आरएसी का कांस्टेबल प्रहरी दिनेश खोखर मुख्य गेट पर ड्यूटी के लिए आया था। तब उसकी वहां तलाशी ली गई। उसकी वर्दी के बैल्ट के नीचे अंडरवियर में संदिग्ध लगने पर चैक की गई। अंडरवियर में टेप से चिपकाकर रखी चार जर्दें की पुडिय़ां मिली। जिसका वजन किए जाने पर वह 60 ग्राम पाया गया। इस पर बाद में जेल प्रशासन को सूचना दी गई। जेलप्रहरी दिनेश खोखर के खिलाफ रातानाडा थाने में मामला दर्ज कराया गया। थानाधिकारी दिनेश लखावत ने बताया कि मामले में जांच आरंभ की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश