यमुनानगर : जिला जेल में सुरक्षा चूक, कैदी से नशीला पदार्थ बरामद
यमुनानगर, 21 मार्च (हि.स.)। जिला कारागार में बंद एक कैदी के पास से प्रतिबंधित नशीला पदार्थ मिलने से जेल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार यमुनानगर निवासी कैदी विकास पाल, जो विभिन्न आपराधिक मामलों में सजा काट रहा है, से तलाशी के दौरान नशीली गोलियां और गांजेनुमा पदार्थ बरामद किया गया। वह पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है और फिलहाल न्यायालय के आदेशानुसार पाँच वर्ष का कारावास भुगत रहा है। जानकारी के मुताबिक कैदी को हाल ही में पैरोल पर रिहा किया गया था और निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद वह पुनः जेल लौट आया। सुरक्षा कारणों से उसे विशेष निगरानी में रखा गया था। इसी दौरान गोपनीय सूचना मिलने पर जेल प्रशासन ने सघन तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान कैदी के शरीर के अंदर छिपाकर रखी गई 17 नशीली गोलियां बरामद हुईं, जबकि पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि कुछ गोलियों का सेवन पहले ही किया जा चुका है। जेल चिकित्सक द्वारा किए गए परीक्षण में भी कैदी के नशीले पदार्थ के सेवन की पुष्टि हुई है।
प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि कैदी नशीला पदार्थ बाहर से लेकर आया था और उसे छिपाने का तरीका उसने पूर्व कारावास के दौरान सीखा था। इस खुलासे के बाद जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में संबंधित थाने में प्रिजन एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार काे बताया कि पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

