home page

जहांगीरपुरी हिट एंड रन केस: मर्सिडीज चालक गिरफ्तार

 | 
जहांगीरपुरी हिट एंड रन केस: मर्सिडीज चालक गिरफ्तार


नई दिल्ली, 07 जुलाई (हि.स.)। उत्तर पश्चिमी जिले के जहांगीरपुरी इलाके में हुए हिट एंड रन मामले में पुलिस ने फरार मर्सिडीज चालक को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे में स्कूटी सवार की मौत हो गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी, पीसीआर कॉल और वाहन के पंजीकरण संबंधी जानकारी के आधार पर आरोपित की पहचान कर उसे दबोच लिया।

उत्तर पश्चिमी जिले की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने मंगलवार को बताया कि 5 जुलाई को जहांगीरपुरी थाना पुलिस को आउटर रिंग रोड (जीटीके बाईपास) पर जहांगीरपुरी बस स्टैंड के पास फुटओवर ब्रिज के निकट सड़क हादसे की सूचना मिली। खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल मिला, जिसे तुरंत बाबू जगजीवन राम मेमोरियल (बीजेआरएम) अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में मृतक की पहचान मंगोलपुरी निवासी दीपक के रूप में हुई।

जांच के दौरान पुलिस को पीसीआर कॉल करने वाले प्रत्यक्षदर्शी से महत्वपूर्ण जानकारी मिली। उसने बताया कि एचआर-51बीटी-6304 नंबर की मर्सिडीज कार ने स्कूटी को टक्कर मारी थी और चालक मौके से फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस ने वाहन का पता लगाकर उसके पंजीकृत मालिक को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 133 के तहत नोटिस जारी किया। पूछताछ में सामने आया कि हादसे के समय कार अंश प्रताप सिंह चला रहा था। साक्ष्यों के आधार पर जहांगीरपुरी थाना पुलिस ने एफआईआर संख्या 436/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106(1) में मामला दर्ज कर आरोपित चालक को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी