home page

भाटपाड़ा में परित्यक्त मकान से तीन ताजा बम बरामद, इलाके में दहशत

 | 
भाटपाड़ा में परित्यक्त मकान से तीन ताजा बम बरामद, इलाके में दहशत


कोलकाता, 11 मई (हि.स.)।

उत्तर 24 परगना जिले के जगदल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत भाटपाड़ा नगरपालिका के वार्ड नंबर 35 स्थित विवेकपल्ली इलाके में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक परित्यक्त मकान से तीन ताजा बम बरामद किए गए। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

स्थानीय संजय पंडित ने बताया कि सुबह वह अपने खेत की ओर जा रहे थे तभी पास पड़े परितात्मक मकान के पास एक थैला पड़ा देखा।

लोगों ने बंद पड़े मकान के भीतर संदिग्ध वस्तुएं देखे जाने के बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भाटपाड़ा थाना पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को घेर लिया गया और आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया। बम स्क्वॉड की टीम ने मौके पर पहुंचकर बरामद तीनों ताजा बमों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान भी चलाया।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि जिस मकान से बम बरामद हुए, वह लंबे समय से बंद पड़ा था। अचानक वहां से विस्फोटक मिलने के बाद लोग भय और चिंता में हैं। लोगों ने इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांचकर्ताओं का मानना है कि बमों को किसी आपराधिक या असामाजिक गतिविधि के उद्देश्य से वहां छिपाकर रखा गया हो सकता है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बम वहां किसने रखे और इसके पीछे क्या मकसद था।

घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा