home page

पत्नी की हत्या करने वाला आरोपित गिरफ्तार

 | 
पत्नी की हत्या करने वाला आरोपित गिरफ्तार


नई दिल्ली, 03 अगस्त (हि.स.)। हॉलीवुड की क्राइम फिल्म 'द स्टेयरकेस' देखकर हत्या के बाद बच निकलने का तरीका सीखने वाले एक इंजीनियर ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। शाहदरा जिले की जगतपुरी थाना पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपित पति कमल सिंह (53) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हत्या के बाद 12.75 लाख नकद लेकर नेपाल भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर उसे मथुरा रेलवे स्टेशन के पास दबोच लिया। संयुक्त पुलिस आयुक्त अजीत कुमार सिंगला और पुलिस उपायुक्त आर.पी. मीणा के मार्गदर्शन में एसीपी महेंद्र सिंह की निगरानी में इंस्पेक्टर अभिषेक, इंस्पेक्टर आशीष और जांच अधिकारी इंस्पेक्टर सुरेंद्र शर्मा समेत करीब 10 पुलिस टीमों ने इस हत्याकांड का पर्दाफाश किया।

पुलिस के मुताबिक, 30 जुलाई को गगन विहार निवासी गौरव ने पीसीआर पर सूचना दी कि उसके पिता ने उसकी मां कोमल सिंह (50) की हत्या कर दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि महिला का शव ड्रॉइंग रूम में खून से लथपथ पड़ा था। सेंटर टेबल पर खून से सनी एक कैंची मिली, जिसे हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार माना गया। जांच में सामने आया कि वारदात के समय दोनों बच्चे घर से निकल चुके थे और फ्लैट में केवल पति-पत्नी मौजूद थे।

सीसीटीवी फुटेज में महिला की चीख सुनाई देने के बाद आरोपित को हथियार बैग में छिपाकर घर से बाहर निकलते देखा गया। पुलिस ने वैज्ञानिक जांच और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गतिविधियों को ट्रैक किया। पूछताछ में कमल सिंह ने बताया कि वह इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियर है और फ्रीलांस एसएपी सॉफ्टवेयर कंसल्टेंट के रूप में काम करता है। लंबे समय से संपत्ति को लेकर पत्नी से विवाद चल रहा था। उसने पहले से हत्या की योजना बनाई, हरि नगर से कैंची खरीदी और मौका मिलते ही पत्नी की हत्या कर दी।

गोरखपुर के रास्ते नेपाल भगाने की फिराक में था आरोपित

सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि आरोपी हॉलीवुड फिल्म 'द स्टेयरकेस' से प्रभावित था। उसे विश्वास था कि हत्या के बाद हथियार गायब कर देने से पुलिस उसके खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं जुटा पाएगी। वारदात के बाद उसने अपने बैंक खातों से करीब 7 लाख भी निकाल लिए और कुल 12.75 लाख नकद लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपित पहले गोरखपुर के रास्ते नेपाल भागने की योजना बना रहा था, लेकिन पुलिस की सक्रियता का अंदेशा होने पर उसने अपना रूट बदल लिया। लगातार तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर उसे मथुरा रेलवे स्टेशन के पास गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से 12.75 लाख नकद और वारदात के बाद फरार होने में इस्तेमाल की गई एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी