जगन्नाथ एक्सप्रेस से 22 लाख रुपये नकद बरामद, एक यात्री हिरासत में
खड़गपुर, 19 नवंबर (हि. स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर रेलखंड में गुरुवार को जगन्नाथ एक्सप्रेस से 22 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। रेलवे पुलिस ने एक यात्री को नकदी के साथ हिरासत में लिया है। यात्री की पहचान पश्चिम मेदिनीपुर जिले के चंद्रकोना टाउन थाना अंतर्गत आगरा, सुल्तानपुर निवासी असीत दास (34) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 18410 जगन्नाथ एक्सप्रेस कटक से मेदिनीपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने ट्रेन में जांच के दौरान एक यात्री से पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान यात्री ने अपने बैग में 15 लाख रुपये नकद होने की बात बताई। हालांकि, वह नकदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिसकर्मी उसे हिरासत में लेकर खड़गपुर जीआरपी थाना पहुंचे। बाद में नकदी की गिनती में कुल 22 लाख रुपये बरामद होने की जानकारी सामने आई।
फिलहाल पुलिस यात्री से पूछताछ कर रही है। इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

