द्वारका में जन्मदिन पार्टी के बाद खूनी विवाद: बात-बात में युवक को गोली मारी, ज़ोमैटो डिलीवरी बॉय की मौत
नई दिल्ली, 26 अप्रैल (हि.स.)। द्वारका जिले के जाफरपुर कलां थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात जन्मदिन की पार्टी के बाद मामूली कहासुनी खूनी वारदात में बदल गई। सड़क पर खड़े होकर बातचीत कर रहे युवकों के बीच हुए विवाद में एक व्यक्ति ने गोली चला दी। जिससे 21 वर्षीय ज़ोमैटो डिलीवरी बॉय की मौत हो गई। जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने रविवार को बताया कि शनिवार रात करीब 2:30 बजे अस्पताल से सूचना मिली कि गोली लगने से घायल दो युवकों को भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जांच में मृतक की पहचान पांडव कुमार (21) के रूप में हुई। वह बिंदापुर का रहने वाला था और ज़ोमैटो में डिलीवरी बॉय का काम करता था। वहीं घायल युवक कृष्ण भी बिंदापुर का रहने वाला है और मृतक का मित्र बताया गया है।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार जांच में सामने आया कि जाफरपुर कलां स्थित जफरपुर कलां में रहने वाले रूपेश कुमार के दो वर्षीय बेटे के जन्मदिन की पार्टी आयोजित की गई थी। रूपेश मूल रूप से बिहार के खगड़िया का रहने वाला है और मजदूरी करने के लिए तीन वर्ष पहले दिल्ली आया था। पार्टी में करीब 20 लोग शामिल हुए थे। केक कटने के बाद मेहमान लौटने लगे।
करीब दो बजे 13 लोग, जिनमें दो बच्चे भी शामिल थे, मुख्य सड़क पर उबर कैब का इंतजार कर रहे थे। कुछ लोगों के चले जाने के बाद छह लोग स्कूटी और मोटरसाइकिल के पास खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। तभी सामने रहने वाला नीरज वहां पहुंचा और समूह से बहस करने लगा।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर नीरज ने अचानक पांडव कुमार की छाती पर पिस्तौल तानकर गोली चला दी। गोली पांडव की छाती को चीरते हुए पीछे बैठे कृष्ण के पेट में जा लगी। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां पांडव को मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी नीरज मूल रूप से रोहतक, हरियाणा के बहू अकबरपुर गांव का रहने वाला है और पिछले 15 वर्षों से रावता गांव में अकेला रह रहा है। पुलिस ने हत्या व हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपित दिल्ली पुलिस में कार्यरत है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

