home page

दुकान का शटर तोड़ 3.55 लाख की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश

 | 
दुकान का शटर तोड़ 3.55 लाख की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश


सुपौल, 16 जुलाई (हि.स.)। जिले के जदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत परसागढ़ी उत्तर पंचायत के बिरंची कामत हाट, हरिनाहा में देर रात चोरों ने एक कपड़ा दुकान को निशाना बनाते हुए करीब 3.55 लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसे और लगभग 3.50 लाख रुपये मूल्य के नए कपड़े तथा गल्ले में रखे पांच हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

पीड़ित दुकानदार वार्ड संख्या-14 निवासी विजेंद्र मेहता ने बताया कि उनकी 'मां तारा वस्त्रालय' नाम से कपड़ों की दुकान बिरंची कामत हाट में है। बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने फोन कर दुकान का शटर टूटा होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और बड़ी मात्रा में नए कपड़े तथा नकदी गायब मिली।दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने पर पूरी घटना सामने आई। फुटेज के अनुसार रात 12:41 बजे अज्ञात बदमाश शटर तोड़कर दुकान में दाखिल हुए और सुनियोजित ढंग से चोरी कर फरार हो गए। दुकानदार ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंप दी है, जिससे चोरों की पहचान की उम्मीद जताई जा रही है।

दुकानदार ने बताया कि इसी परिसर में स्थित उनकी दूसरी दुकान भी पूर्व में कई बार चोरों के निशाने पर आ चुकी है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।

जदिया थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल ने बताया कि मामले में लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र