जबलपुर: पत्नी से अभद्रता का विरोध करने पर पति की चाकू मारकर हत्या, इलाज के दौरान मौत
जबलपुर, 06 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के तिलवारा थाना क्षेत्र में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक महिला से अभद्रता का विरोध करने पर उसके पति को बदमाशों ने चाकुओं से गोद दिया। उपचार के दौरान पीड़ित की मौत हो गई है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे की है। तिलवारा थाना अंतर्गत जोधपुर पड़ाव निवासी दस्सी लाल, जो शादियों में बैंड बजाने का कार्य करते थे, मंगलवार रात करीब 9 बजे अपने बेटे के साथ काम से घर लौटे थे। देर रात करीब 2:30 बजे जब उनकी पत्नी वॉशरूम के लिए घर के बाहर निकलीं, तभी वहां से गुजर रहे बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें देखकर अभद्र टिप्पणी करना शुरू कर दिया। पत्नी के शोर मचाने पर दस्सी लाल और उनका बेटा तुरंत बाहर निकले।
दस्सी लाल ने जब युवकों की बदतमीजी का विरोध किया और उन्हें पकड़ने की कोशिश की, तो विवाद हिंसक हो गया। बाइक सवार युवकों ने तैश में आकर दस्सी लाल पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। खून से लथपथ दस्सी लाल जमीन पर गिर पड़े और आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। परिजनों और पड़ोसियों ने घायल अवस्था में दस्सी लाल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने तत्काल इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण बुधवार सुबह दस्सी लाल की मृत्यु हो गई।
तिलवारा थाना प्रभारी ब्रजेश मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। जिस स्थान पर यह वारदात हुई, वह मोहल्ले का अंतिम छोर है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी उस समय वहां क्यों आए थे और उनकी मंशा क्या थी। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

