home page

ट्रेनी दरोगा 10 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, बैरियर-2 चौकी पर एंटी करप्शन का छापा

 | 
ट्रेनी दरोगा 10 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, बैरियर-2 चौकी पर एंटी करप्शन का छापा


बरेली, 08 मई (हि.स.)। इज्जतनगर की बैरियर-2 चौकी पर तैनात ट्रेनी दरोगा विमल चौहान को शुक्रवार को एंटी करप्शन टीम ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद थाना परिसर में हड़कम्प मच गया। टीम आराेपित दरोगा को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।

जानकारी के मुताबिक भ्रष्टाचार निवारण संगठन को शिकायत मिली थी कि बैरियर-2 चौकी पर तैनात दरोगा एक मामले में कार्रवाई और राहत देने के नाम पर रिश्वत मांग रहा है। शिकायत की प्रारम्भिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद टीम ने जाल बिछाया। शुक्रवार दोपहर शिकायतकर्ता को रकम लेकर चौकी भेजा गया। जैसे ही दरोगा ने 10 हजार रुपये लिए, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली। अचानक हुई कार्रवाई से चौकी और थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मी भी पूरे घटनाक्रम को लेकर हैरान नजर आए। आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार ट्रेनी दरोगा विमल चौहान की भर्ती मृत आश्रित कोटे से हुई थी। गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी तय मानी जा रही है। एंटी करप्शन टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित पहले भी लोगों से वसूली करता था या नहीं।

प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार सत्यापन कराया गया था। आरोप सही मिलने पर ट्रैप कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपित दरोगा को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में संगठन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार