home page

अजमेर में आईपीएल सट्टे के अड्डे पर छापा, जयपुर के तीन खाईवाल गिरफ्तार

 | 
अजमेर में आईपीएल सट्टे के अड्डे पर छापा, जयपुर के तीन खाईवाल गिरफ्तार


अजमेर, 13 मई (हि.स.)। अजमेर की कृष्णगंज थाना पुलिस ने आईपीएल सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के स्टीफन चौराहा स्थित बालाजी नगर में संचालित सट्टे के अड्डे का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करोड़ों रुपए के सट्टे के लेनदेन से जुड़े दस्तावेज, दो लैपटॉप और 22 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बालाजी नगर स्थित एक मकान में आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर कृष्णगंज थाना पुलिस और डीएसपी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मकान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से जयपुर निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश कुमार मूलचंदानी निवासी करधनी थाना क्षेत्र, खालिद सिसोदिया निवासी नाहरगढ़ थाना क्षेत्र तथा जावेद खान निवासी कोतवाली थाना क्षेत्र शामिल हैं।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लैपटॉप और मोबाइल फोन के माध्यम से आईपीएल सट्टे की लाइन लेकर करोड़ों रुपए का सट्टा कारोबार संचालित कर रहे थे। पुलिस को मौके से दो लैपटॉप, 22 मोबाइल फोन और बड़े पैमाने पर हिसाब-किताब से संबंधित रिकॉर्ड मिला है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जब्त किए गए लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए एफएसएल भेजा जाएगा, ताकि सट्टे के नेटवर्क और लेनदेन की विस्तृत जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया है कि वे पिछले दो-तीन दिनों से इस स्थान से सट्टा संचालन कर रहे थे। पुलिस अब मकान मालिक से भी पूछताछ करेगी कि उसे गतिविधियों की जानकारी थी या नहीं।

मौके से कुछ नकद राशि भी बरामद हुई है, हालांकि पुलिस के अनुसार यह रकम आरोपियों के निजी पर्स से मिली है और फिलहाल इसे सट्टे के लेनदेन से संबंधित नहीं माना गया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह कार्रवाई डीएसपी टीम के शंकर सिंह रावत तथा कृष्णगंज थाना पुलिस के संयुक्त प्रयास से संभव हो सकी। मामले में आगे अनुसंधान जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष