कपड़ा फैक्ट्री से करोड़ों का आईपीएल सट्टा पकड़ा: फैक्ट्री मालिक समेत छह सटोरिए गिरफ्तार
जयपुर, 08 मई (हि.स.)। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) और मालपुरा गेट थाना पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कपड़ा फैक्ट्री में संचालित अवैध सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने फैक्ट्री मालिक समेत छह सटोरियों को गिरफ्तार कर करोड़ों रुपए के हिसाब-किताब से जुड़े रजिस्टर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और वाहन जब्त किए हैं। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) संजीव नैन ने बताया कि पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल और विशेष पुलिस कमिश्नर (ऑपरेशन्स) ओमप्रकाश के निर्देशन मेें सीएसटी ने यह कार्रवाई की। जहां मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मालपुरा गेट इलाके में माल की ढाणी (सांगानेर) स्थित नानग विहार कॉलोनी के प्लॉट नंबर-3 में संचालित ‘चिरायु गर्वित कम्पनी’ नामक कपड़ा फैक्ट्री पर दबिश दी। पुलिस ने फैक्ट्री की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में दबिश देकर आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाते उत्तम सैनी (40) निवासी झालाना ग्राम, रूपल बंसल (34) निवासी मुहाना मंडी रोड,राजेंद्र कुमार (46), निवासी पुरानी टोंक,देवेंद्र कुमार जंगलानी (37) निवासी मालवीय नगर,विकास नागर (40) निवासी नाहरी का नाका और मनोहर स्वामी (38) निवासी बाबाजी की ढाणी, सांगानेर को गिरफ्तार किया। । उस समय लखनऊ और बेंगलुरु के बीच खेले जा रहे आईपीएल मैच पर दांव लगाए जा रहे थे।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपित मालवीय नगर के बड़े बुकी अशोक गुप्ता और बाबू उर्फ नोनी से सट्टे की लाइन लेकर जूम ऐप के जरिए ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क संचालित कर रहे थे। आरोपित लंबे समय से कपड़ा फैक्ट्री की आड़ में यह अवैध कारोबार चला रहे थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बुकी उत्तम सैनी और फैक्ट्री मालिक मनोहर इस कारोबार में बराबर के पार्टनर थे। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 21 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 1 डोंगल, चार्जर केबल, कैलकुलेटर, सट्टे के हिसाब-किताब से जुड़े 6 रजिस्टर तथा 1540 रुपए नकद बरामद किए। इसके अलावा एक लग्जरी स्कॉर्पियो , होंडा डियो स्कूटी , एक्टिवा स्कूटी और पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, आईटी एक्ट और आरपीजीओ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर इस गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे सट्टा नेटवर्क की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

