कानपुर में आईपीएल सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, 3.91 करोड़ नकदी के साथ 5 गिरफ्तार
कानपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में आईपीएल मैचों के दौरान चल रहे ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने बुधवार काे भंडाफोड़ किया है। फजलगंज थाना पुलिस और सर्विलांस, स्वाट सेंट्रल जोन की संयुक्त टीम ने बुधवार को दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर पांच सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में तीन करोड़ इक्यानवे लाख पचास हजार रुपये की भारी नकदी बरामद की गई है, जो इस नेटवर्क के बड़े पैमाने पर संचालन की पुष्टि करती है।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि एक सूचना मिली थी कि गोविंद नगर पुल के नीचे खड़ी एक कार में बैठे युवक आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर दबिश दी और कार में बैठे कौशलपुरी थाना नजीराबाद निवासी कार्तिक लखवानी और फजलगंज निवासी राजकुमार को पकड़ लिया। पूछताछ में बताया कि किदवई नगर स्थित एक किराए के मकान सट्टे का पूरा नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने बताए गए ठिकाने पर छापा मारकर तीन और लोगों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान उन्जा, जिला मेहसाणा (गुजरात) निवासी कल्पेश, रवि नाई और विष्णु के रूप में हुई है। सभी आरोपित मिलकर शहर में ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क चला रहे थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से तीन करोड़ इक्यानवे लाख पचास हजार रुपये नकद, छह मोबाइल फोन, तीन मुद्रा गणना मशीन, एक करेंसी चेकिंग मशीन, दो केलकुलेटर और एक कार बरामद की है। इतनी बड़ी रकम और उपकरणों की बरामदगी से साफ है कि यह नेटवर्क संगठित तरीके से संचालित हो रहा था।
पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे ऑनलाइन एप और वेबसाइट के जरिए सट्टेबाजी की आईडी बनाकर लोगों को उपलब्ध कराते थे और शहर के विभिन्न हिस्सों से पैसा इकट्ठा करते थे। पुलिस के मुताबिक, इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड ‘मनीष उर्फ प्रोफेसर’ है, जो फिलहाल फरार है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। आरोपितों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही बरामद नकदी की सूचना आयकर विभाग को भी दे दी गई है, जिससे आर्थिक पहलुओं की जांच की जा सके। इस सफल कार्रवाई पर पुलिस आयुक्त ने पूरी टीम को 50 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है। अधिकारियों का कहना है कि आईपीएल के दौरान ऐसे अवैध नेटवर्क पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

