ऑनलाइन शॉप खुलवा कर निवेश का झांसा, एएसआई से 16.42 लाख की साइबर ठगी
कमीशन और रकम निकालने के नाम पर जीएसटी व सर्विस चार्ज वसूले, अलग-अलग खातों से किए गए ट्रांजेक्शन
जोधपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। माता का थान थाना क्षेत्र में ऑनलाइन निवेश और शॉप खोलने का झांसा देकर एक पुलिसकर्मी एएसआई से करीब 15.58 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीडि़त ने अज्ञात आरोपिताें के खिलाफ पुलिस में शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। रिपोर्ट में रकम 16 लाख से ज्यादा बताई गई है।
पीडि़त लिखमाराम पुत्र मालाराम निवासी सज्जन नगर, मिया का बेरा ने रिपोर्ट में बताया कि फरवरी 2026 में उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सऐप मैसेज आया। आरोपित ने निवेश के नाम पर एक लिंक भेजकर ऑनलाइन शॉप खुलवाई और यूजर आईडी-पासवर्ड दिए। उसे बताया गया कि ऑनलाइन ग्राहक शॉप से खरीदारी करेंगे और ऑर्डर पूरा होने पर उसे 20 प्रतिशत कमीशन मिलेगा।
रिपोर्ट के अनुसार शुरुआत में पीडि़त ने कुछ छोटी रकम जमा की और उसके खाते में कमीशन की राशि भी आई। इसके बाद जब उसने अपनी रकम निकालने का प्रयास किया तो आरोपिताें ने जीएसटी, सर्विस टैक्स, अकाउंट एक्टिवेशन और विड्रॉल चार्ज सहित अलग-अलग शुल्क के नाम पर लगातार रकम जमा करवानी शुरू कर दी।
पीडि़त एएसआई के अनुसार 12 फरवरी से 2 सितंबर 2026 के बीच उसके अपने एसबीआई खाते सहित उसके बेटे और एक परिचित के खातों से अलग-अलग बैंक खातों व यूपीआई आईडी में करीब 15,58,521 रुपये ट्रांसफर किए गए। बाद में साइबर पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। एफआईआर में चोरी/धोखाधड़ी से संबंधित संपत्ति की कुल राशि 16,42,964 रुपये दर्ज बताई गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

