home page

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 70.77 लाख की ठगी, मुख्य आरोपित मिनकेतन सिदार गिरफ्तार

 | 
शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 70.77 लाख की ठगी, मुख्य आरोपित मिनकेतन सिदार गिरफ्तार


रायगढ़, 15 अक्टूबर (हि.स.) । शेयर मार्केट में निवेश कर रकम दोगुनी करने और मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ग्रामीण महिलाओं से 70.77 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना रायगढ़ पुलिस ने मुख्य आरोपित मिनकेतन सिदार (40) को गिरफ्तार किया है। आरोपित तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम आमगांव का निवासी है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम जतरी और आसपास के गांवों की महिलाओं को शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी का शिकार बनाया गया। आरोप है कि मेनका सारथी महिलाओं को कम समय में रकम दोगुनी होने और अधिक मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाती थी। उसने अपने पति अक्षय सारथी के साथ निवेश की गारंटी देने की बात कहकर महिलाओं से नकद और ऑनलाइन माध्यम से रकम ली।

शिकायत के मुताबिक, हारा बाई निषाद सहित कई महिलाओं ने लाखों रुपये निवेश के लिए दिए। इस मामले में कुल 70,77,901 रुपये प्राप्त किए जाने की शिकायत सामने आई है। शुरुआत में कुछ निवेशकों को मुनाफे की रकम लौटाई गई, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया गया। रकम मांगने पर महिलाओं को न तो मूलधन मिला और न ही मुनाफा। कुछ महिलाओं ने कर्ज लेकर भी निवेश किया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। 22 जुलाई 2026 को मेनका सारथी, अक्षय सारथी और मीरा सोनवानी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया। जांच के दौरान बैंक लेनदेन, पीड़ितों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 6 अक्टूबर को मेनका सारथी को गिरफ्तार किया गया था।

पूछताछ में मिनकेतन सिदार की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने तमनार क्षेत्र में दबिश देकर उसे पकड़ा। आरोपित के कब्जे से एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है तथा बैंक खातों से संबंधित जानकारी जुटाई गई है। पुलिस मामले में अन्य आरोपितों की तलाश करते हुए आगे की विवेचना कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान