1.445 किलो अफीम के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
जयपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान पुलिस की सीआईडी (क्राइम ब्रांच) ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भीलवाड़ा में एक 20 वर्षीय युवक को 1.445 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई गई है। सीआईडी क्राइम ब्रांच और भीलवाड़ा जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने चित्तौड़गढ़ हाईवे पर संगम पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध) बिपिन कुमार पाण्डेय ने बताया कि सीआईडी सीबी की स्पेशल टीम ने भीलवाड़ा जिला पुलिस के साथ समन्वय कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
सीआईडी टीम सूचना संकलन में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चित्तौड़गढ़ हाईवे पर भीलवाड़ा के संगम पुलिया के पास एक संदिग्ध युवक मादक पदार्थ की खेप के साथ खड़ा है। सूचना का तत्काल सत्यापन कराया गया। स्थान पुर थाना क्षेत्र में होना सामने आने पर सीआईडी टीम ने पुर थानाधिकारी कन्हैयालाल को सूचना दी।
इसके बाद सीआईडी सीबी और पुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को निरुद्ध कर तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से 1.445 किलो अफीम बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम धर्मराज पुत्र रामेश्वर जाट (20), निवासी बड़ी हरणी, थाना कोतवाली, जिला भीलवाड़ा बताया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
अफीम बरामद होने के बाद पुर थाना पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अफीम कहां से लाई गई थी और इसकी आगे किसे सप्लाई की जानी थी। साथ ही तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
कार्रवाई में एएसआई शंकर दयाल शर्मा, हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह और कांस्टेबल नरेश कुमार की विशेष एवं तकनीकी भूमिका रही। उप निरीक्षक शैलेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। वहीं पुर थानाधिकारी कन्हैयालाल मय टीम का भी कार्रवाई में सराहनीय योगदान रहा। सीआईडी सीबी की विशेष टीम का गठन पुलिस महानिरीक्षक (अपराध) के.बी. वंदना के मार्गदर्शन और उप महानिरीक्षक (अपराध) राशि डोगरा डूडी के सुपरविजन में किया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

