कानपुर में पुलिस की वर्दी पहन राहगीरों को फंसाते थे शातिर, दो अंतरजनपदीय लुटेरे गिरफ्तार
कानपुर, 11 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में लिफ्ट देने के बहाने राहगीरों को निशाना बनाने वाले दो अंतरजनपदीय शातिरों को कलक्टरगंज पुलिस और सर्विलांस टीम ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों में डर और रौब पैदा करते थे, फिर सुनसान इलाके में ले जाकर जेब काटकर नकदी व सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस ने उनके पास से 30,150 रुपये और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है।
विष्णुपुरी कॉलोनी निवासी कुलदीप शर्मा एक अखबार में एजेंट हैं। बीती एक मई की सुबह वह घंटाघर से अपना काम निपटाकर घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में तीन युवक मिले, जिन्होंने एक साथी को मूलगंज छोड़ने की बात कही। मानवता के नाते कुलदीप ने युवक को बाइक पर बैठाकर मूलगंज छोड़ दिया। इसी दौरान शातिर ने उनकी जेब काट ली और करीब एक लाख रुपये पार कर दिए। घर पहुंचने पर रकम गायब होने का पता चलते ही पीड़ित के होश उड़ गए। मामले में थाना कलक्टरगंज में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने कई टीमों को लगाया। एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह ने बताया कि जांच के दौरान करीब दो सौ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसी बीच सूचना मिली कि घटना में शामिल दो आरोपित कोपरगंज रोड स्थित श्री सिद्धेश्वर मंदिर के पास किसी नई वारदात की फिराक में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही थाना कलक्टरगंज पुलिस और सर्विलांस टीम ने घेराबंदी कर बीती रात दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक घटनाओं में शामिल उनका एक अन्य साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रोहित कंजड उर्फ भंगी उर्फ रिषभ उर्फ रोहन निवासी कन्नौज और बृजेश निवासी कन्नौज के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में फर्रुखाबाद में रह रहे थे। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपित राहगीरों को भरोसे में लेकर उन्हें लिफ्ट देते थे और सुनसान रास्तों पर जेब काटकर नकदी व कीमती सामान लेकर फरार हो जाते थे। लोगों में डर पैदा करने और अपना रौब जमाने के उद्देश्य से आरोपित पुलिस की वर्दी भी धारण करते थे और उसी दौरान घटनाओं को अंजाम देते थे।
पुलिस के मुताबिक रोहित पर कानपुर, कन्नौज, फर्रुखाबाद, हरदोई, फतेहपुर और आगरा समेत कई जिलों में लूट, चोरी, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के करीब 23 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं बृजेश के खिलाफ लखनऊ, मैनपुरी, सीतापुर, कानपुर और कन्नौज समेत विभिन्न जिलों में 16 मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

