home page

लग्जरी गाड़ियां चुराने वाला अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरफ्तार

 | 
लग्जरी गाड़ियां चुराने वाला अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरफ्तार


जयपुर, 06 सितंबर (हि.स.)। जयपुर में स्कॉर्पियो समेत लग्जरी वाहनों की चोरी करने वाले शातिर अंतरराज्यीय वाहन चोर को मालपुरा गेट थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित अमोल उर्फ मनर उर्फ मनोहरी (42) निवासी सलेमपुर जिला दौसा को गुरुग्राम की भोंडसी जेल से प्रोडक्शन वारंट पर जयपुर लाकर गिरफ्तार किया। आरोपित के खिलाफ राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली में 30 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने चोरी की स्कॉर्पियो कार दौसा के भांडारेज से लावारिस हालत में बरामद की है।

जयपुर पूर्व पुलिस उपायुक्त रंजीता शर्मा ने बताया कि पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपित पिछले करीब 20 वर्षों से वाहन चोरी की वारदातों में सक्रिय है। वह खास तौर पर स्कॉर्पियो, थार सहित अन्य लग्जरी वाहनों को निशाना बनाता था। पुलिस के अनुसार आरोपी महंगे शौक पूरे करने के लिए वाहन चोरी करता था। उससे पूछताछ में अन्य वाहन चोरी की वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है।

आरोपी के खिलाफ जयपुर शहर के गांधी नगर, मालवीय नगर, मानसरोवर, क्षिप्रापथ, जवाहर सर्किल, खो-नागोरियान, सांगानेर और मालपुरा गेट थानों में मामले दर्ज हैं। इसके अलावा दौसा के कोतवाली, सलेमपुर और महुआ, टोंक के सोंप, नई दिल्ली के महरौली, गुरुग्राम के डीएलएफ और खेड़ली तथा भिवाड़ी के शाहजहांपुर थाने में भी उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज हैं। कुल मिलाकर राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा में उसके खिलाफ 30 से अधिक मामले सामने आए हैं।

थानाधिकारी सुभाष चंद यादव ने बताया कि सुभाष कॉलोनी, शिकारपुरा रोड निवासी नंद किशोर यादव ने 22 मई को मालपुरा गेट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 मई की रात उनके घर के बाहर खड़ी सफेद रंग की स्कॉर्पियो चोरी हो गई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में मुंह पर रुमाल बांधा एक व्यक्ति स्कॉर्पियो चोरी करता दिखाई दिया। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और बीटीएस डेटा के आधार पर चोरी की गई कार की तलाश शुरू की। इसके बाद स्कॉर्पियो दौसा के भांडारेज में लावारिस हालत में बरामद की गई।

जांच के दौरान आरोपित अमोल मीणा की पहचान हुई। आरोपित उस समय गुरुग्राम की भोंडसी जेल में बंद था। पुलिस टीम ने उसे प्रोडक्शन वारंट पर जयपुर लाकर पूछताछ की और गिरफ्तार कर जयपुर लाया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश