कटिहार में चार अंतरराज्यीय मानव तस्कर गिरफ्तार
कटिहार, 04 फरवरी (हि.स.)। कटिहार जिला के रौतारा पुलिस ने मानव तस्करी के आरोप में चार अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें सुल्तान, रवि कुमार, रामावतार और रन सिंह शामिल हैं। पुलिस ने एक महिला को भी सकुशल बरामद किया है, जिसे 80,000 रूपये में बेचा जा रहा था।
पुलिस अधीक्षक ने उक्त घटना की जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर रौतारा थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ ग्राम-महेशवा में छापेमारी की। इस दौरान एक कार में सवार चार व्यक्ति भागने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपियों के पास से एक कार और तीन मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में सुल्तान कटिहार के सिमरिया का रहने वाला है, जबकि रवि कुमार महेशवा का निवासी है। रामावतार और रन सिंह उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

