home page

अंतरराज्यीय एटीएम लूट और हाईवे गैंग के दो शातिर बदमाश गिरफ्तार

 | 
अंतरराज्यीय एटीएम लूट और हाईवे गैंग के दो शातिर बदमाश गिरफ्तार


जयपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। वैशाली नगर थाना पुलिस,डीएसटी पश्चिम और एसओजी की टीम ने अंतरराज्यीय एटीएम लूट और हाइवे गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की प्रारम्भिक जांच में सामने आया कि आरोपित देश के अलग-अलग राज्यों में एटीएम काटकर लाखों-करोड़ों रुपए की लूट की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस ने अर्टिगा कार से भाग रहे दोनों आरोपिताें को रिंग रोड कानोता के पास घेराबंदी कर पकड़ा। भागने के दौरान आरोपिताें ने पुलिस जाब्ते पर कार चढ़ाने का प्रयास भी किया। फिलहाल आरोपिताें से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि वैशाली नगर थाना पुलिस,डीएसटी पश्चिम और एसओजी की टीम ने अंतरराज्यीय एटीएम लूट और हाईवे गैंग के शातिर बदमाश पवन कुमार (28) निवासी खैर अलीगढ़ हाल नोहझील, मथुरा (उत्तर प्रदेश) और सोनू (20) निवासी नौहझील मथुरा (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपिताें ने एटीएम लूटने के तरीके का खुलासा किया। गिरोह के सदस्य किराए की कार से ऐसे एटीएम की रेकी करते थे, जहां सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं होता था। वारदात से पहले कार पर दूसरी गाड़ी की फर्जी नंबर प्लेट लगा लेते थे।

एक बदमाश एटीएम के अंदर जाकर सीसीटीवी कैमरों पर काला स्प्रे कर देता था। वहीं दूसरा कार को एटीएम के मुख्य दरवाजे के सामने खड़ा कर देता था, ताकि अंदर की गतिविधियां बाहर से दिखाई नहीं दें। कार में एलपीजी व ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर और लोहे की रॉड रखी जाती थी। गैस कटर से एटीएम को चंद मिनटों में काटकर कैश निकाल लिया जाता था।

पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी डकैती के मामलों में चालानशुदा हैं और इनके कब्जे से पहले भी दो पिस्टल और कारतूस बरामद हो चुके हैं। पुलिस को प्रारंभिक पूछताछ में यह भी पता चला है कि गिरोह के सदस्य यूट्यूब और ऑनलाइन वीडियो देखकर एटीएम काटने का तरीका सीखते थे।

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से जयपुर, राजस्थान और अन्य राज्यों में हुई एटीएम लूट, चोरी और हाईवे पर लूटपाट की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों और अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े होने की भी आशंका है। आरोपिताें से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सह-अभियुक्तों की तलाश की जा रही है।

वैशाली नगर थानाधिकारी अरविंद सिंह शेखावत ने बताया कि 15 अगस्त की रात खातीपुरा रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से छेड़छाड़ और रुपए चोरी के मामले की जांच शुरू की थी। इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। विशेष टीम ने वारदात स्थल और आसपास के इलाकों के 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा साइबर सेल की तकनीकी सूचना और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश राजस्थान के साथ उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और मध्यप्रदेश तक की गई। जहां जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गैंग ने चेन्नई (तमिलनाडु) में एटीएम काटकर करीब 9 लाख रुपए लूटे हैं और इसके बाद जयपुर की ओर भाग रही है। पुलिस के अनुसार तेलंगाना सीमा के पास आरोपियों ने पुलिस को पिस्टल दिखाकर बच निकलने का प्रयास किया और टोल भी तोड़ा। इसके बाद वे नागपुर, ग्वालियर, धौलपुर और दौसा होते हुए जयपुर की तरफ बढ़ रहे थे।

सूचना मिलने पर पुलिस ने रिंग रोड पर नाकाबंदी कर अर्टिगा कार को रोकने का प्रयास किया। आरोपियों ने भागने की कोशिश की और पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। लेकिन टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश