अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ : छह गिरफ्तार, 32 लाख का माल बरामद
बांदा, 18 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में थाना कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए बुधवार को चोरी-टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के 6 सदस्यों (4 महिलाएं और 2 पुरुष) को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 32 लाख रुपये कीमत के जेवरात, नकदी और वारदात में प्रयुक्त चार पहिया वाहन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपित हरियाणा और राजस्थान के निवासी हैं, जो चार पहिया वाहनों से अलग-अलग राज्यों में घूमकर सुनियोजित तरीके से चोरी और टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देते थे। ये लोग खासकर भीड़-भाड़ वाले स्थानों, मंदिरों और आयोजनों को निशाना बनाते थे।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब 11 फरवरी को थाना तिंदवारी क्षेत्र की निवासी उमा ने शिकायत दर्ज कराई कि शादी में जाते समय रिक्शे में दो अज्ञात महिलाओं ने उनका पर्स चोरी कर लिया, जिसमें सोने के आभूषण थे। इसके बाद 20 फरवरी को हमीरपुर जनपद के मौदहा क्षेत्र की रिन्शू सिंह ने भी बांदा के संकट मोचन मंदिर के पास ऑटो में चार महिलाओं द्वारा बैग से जेवर चोरी करने की सूचना दी।
इन मामलों में थाना कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान की गई और मुखबिर की सूचना पर मवई बाईपास, महोबा रोड से सभी छह आरोतियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपितों ने कबूल किया कि वे समूह बनाकर विभिन्न राज्यों में चोरी करते थे और चोरी किए गए आभूषणों को गलाकर आपस में बांट लेते थे। बरामद चार पहिया वाहन भी उन्होंने चोरी के पैसों से खरीदा था। जांच में यह भी सामने आया कि सभी आपस में रिश्तेदार हैं और पेशेवर अपराधी हैं, जो वारदात में बच्चों का भी सहारा लेते थे।
उक्त जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, आरोपित चैत्र नवरात्रि के दौरान मंदिरों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में वारदात की योजना बना रहे थे। गिरोह द्वारा बांदा, चित्रकूट, मैहर, सतना समेत अन्य राज्यों में भी घटनाएं करने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और आपराधिक इतिहास की गहन जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपितों में सुभाष चन्द्र पुत्र विक्रम निवासी कैलाश नगर, थाना कैंट, पलवल (हरियाणा), रोहित पुत्र बीरपाल निवासी कैलाश नगर, थाना कैंट, पलवल (हरियाणा),नेहा पत्नी रोहित निवासी कैलाश नगर, थाना कैंट, पलवल (हरियाणा),गीता पत्नी धन्नी निवासी कैलाश नगर, थाना कैंट, पलवल (हरियाणा),काजल पुत्री धन्नी निवासी कैलाश नगर, थाना कैंट, पलवल (हरियाणा) और नीलम पत्नी सोनू निवासी चक गिरवारी नगर, थाना ढ़ींग, भरतपुर (राजस्थान) शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

