नशामुक्त रायपुर अभियान को बड़ी सफलता: अंतर्राज्यीय महिला गांजा तस्कर 16 किलो से अधिक मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार
रायपुर पुलिस की सूखे नशे पर बड़ी चोट, 8 लाख से अधिक का गांजा जब्त
रायपुर, 7 जून (हि. स.)। रायपुर पुलिस द्वारा नशामुक्त छत्तीसगढ़ विजन के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान में थाना टिकरापारा पुलिस को एक और उल्लेखनीय सफलता मिली है। जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य करते हुए पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय महिला तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर भारी मात्रा में अवैध गांजा जब्त किया है।
रविवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 जून शनिवार को थाना टिकरापारा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि, रावणभाठा मैदान, भाठागांव बस स्टैण्ड के पास एक महिला संदिग्ध अवस्था में अवैध गांजा विक्रय हेतु ग्राहक तलाश कर रही है।
पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर मुखबिर के बताए हुलिए की महिला को पकड़ा गया। महिला पुलिस अधिकारी की उपस्थिति में विधिवत तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 16.434 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 8 लाख 21 हज़ार 700 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपित महिला का नाम पूजा देवी सोनकर निवासी ग्राम चकरा, उत्तर प्रदेश है।
पूछताछ में आरोपिता ने स्वीकार किया कि वह उक्त गांजे को उड़ीसा से लाकर उत्तर प्रदेश ले जाकर वहां खपाने की फिराक में थी।
आरोपित महिला के विरुद्ध थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 501/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपित महिला को आज रविवार को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है।
डीसीपी पश्चिम संदीप कुमार पटेल ने बताया कि, रायपुर पुलिस नशे के सौदागरों के विरुद्ध निर्णायक युद्ध लड़ रही है। युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए शहर के बस स्टैण्ड, रेलवे स्टेशन एवं शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है। आने वाले दिनों में यह अभियान और अधिक तेज किया जाएगा।
रायपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि, यदि आपके आस-पास कोई व्यक्ति नशे का अवैध कारोबार करता है तो उसकी सूचना तत्काल डायल-112, नजदीकी थाना या सिटीजन कॉप एप के माध्यम से दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

