home page

सिकंदराबाद रेलवे जंक्शन पर ड्रग तस्करी रैकेट का भंडाफोड़, दो आरोपित गिरफ्तार

 | 

हैदराबाद, 23 मार्च (हि.स.)। सिकंदराबाद रेलवे जंक्शन पर राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल ने संयुक्त अभियान चलाकर अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दीपक साहू और दीपक गौड़ा के रूप में हुई है, जो ओडिशा के गंजाम जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपित बेरहामपुर से दिल्ली तक सिकंदराबाद के रास्ते मादक पदार्थ की तस्करी कर रहे थे।

जांच के दौरान पुलिस ने उनके पास से 10 किलोग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब 5.04 लाख रुपये आंकी गई है।

अधिकारियों के मुताबिक, आरोपितों ने गजपति जिले के वन क्षेत्रों से करीब 35,000 रुपये में गांजा खरीदा था और इसे दिल्ली में ऊंचे दाम पर बेचने की योजना बना रहे थे। रेलवे स्टेशन पर नियमित जांच के दौरान वेटिंग हॉल में संदिग्ध गतिविधि के आधार पर दोनों को पकड़ा गया और उनके बैग से मादक पदार्थ बरामद किया गया।

पुलिस अब इस मामले में सप्लायर और किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े संभावित कनेक्शन की जांच कर रही है।

रेल पुलिस के अनुसार, ओडिशा से सिकंदराबाद के रास्ते ट्रेन के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी में संगठित गिरोह सक्रिय हैं।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी कई बार ऐसी कार्रवाई की जा चुकी है। पिछले वर्ष 15 अप्रैल को इसी स्टेशन पर 22 लाख रुपये की ड्रग्स के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार किया गया था। वहीं 7 अगस्त 2025 को टास्क फोर्स ने ओडिशा से आए एक युवक को 14 किलो गांजा के साथ पकड़ा था। इसके अलावा 20 सितंबर 2025 को जीआरपी और आरपीएफ ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके पास से 37.5 किलो गांजा बरामद किया था, जिसकी कीमत करीब 18.75 लाख रुपये आंकी गई थी।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj