अंबिकापुर : नशे के इंजेक्शन की सप्लाई, बिहार से जुड़े नेटवर्क के दो आरोपित गिरफ्तार
अंबिकापुर, 19 मार्च (हि.स.)। सरगुजा जिला पुलिस ने नशीले इंजेक्शन की तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय कनेक्शन पर करारा प्रहार किया है। जिला मुख्यालय अंबिकापुर के थाना गांधीनगर पुलिस ने इस मामले में बिहार के औरंगाबाद और गया जिले से जुड़े दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि इससे पहले भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन और दवाएं बरामद की जा चुकी हैं। पूरे मामले में पुलिस की “एंड टू एंड” कार्रवाई लगातार जारी है।
मामले की शुरुआत 17 जून 2024 को हुई थी, जब लटोरी रोड स्थित चठिरमा बैरियर के पास पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। तलाशी में कार से रेक्सोजेसिक बुप्रेनोर्फिन के 1500 इंजेक्शन और एविल के 1500 वायल बरामद हुए। दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर आरोपित पंकजधर दुबे को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपित नशे के इंजेक्शन और सिरप की सप्लाई स्थानीय स्तर पर कर रहा था और इसका नेटवर्क बिहार तक फैला हुआ है। उसने बताया कि वह अंबिकापुर के आरिफ हुसैन सहित अन्य लोगों को नशीले पदार्थ बेचता था, जबकि होलसेल सप्लाई उसे बिहार निवासी रॉकी कुमार से मिलती थी।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई तेज की। जांच के दौरान पता चला कि आरोपित आरिफ हुसैन पहले से ही औरंगाबाद जेल में एनडीपीएस एक्ट के मामले में बंद है। प्रोडक्शन वारंट के जरिए उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसकी संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे इस मामले में भी आरोपित बनाया गया।
इसी कड़ी में पुलिस टीम बिहार पहुंची और मुख्य सप्लायर रॉकी कुमार को गया जिले से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह मेडिकल स्टोर संचालकों के माध्यम से नशीले इंजेक्शन की सप्लाई करता था और बैंक खातों के जरिए लेन-देन होता था। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी जब्त किया है, जो इस पूरे नेटवर्क की जांच में अहम साक्ष्य साबित हो सकते हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को गुरुवार को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही। सरगुजा पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल अन्य आरोपियतों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

