छग : अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह पर करारा प्रहार, 15 किलो से अधिक मादक पदार्थ सहित पति-पत्नी व नाबालिग गिरफ्तार
अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश: हरियाणा-जबलपुर कनेक्शन उजागर
रायपुर, 18 जून (हि.स.)। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सूखे नशे के सौदागरों पर एक और निर्णायक प्रहार किया है। थाना टिकरापारा पुलिस ने अंतर्राज्यीय तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ कर एक पुरुष, एक महिला एवं एक अपचारी बालिका को 15.431 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ रंगेहाथ धरदबोचा है।
पुलिस के मुताबिक, 17 जून 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि बस स्टैंड भाठागांव स्थित नीलकंठेश्वर मंदिर के सामने कुछ संदिग्ध लोग भारी मात्रा में गांजा बेचने की फिराक में हैं।
सूचना को अति-गंभीरता से लेते हुए सहायक उप निरीक्षक शिवशंकर तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर तत्काल घेराबंदी की गई। मौके से मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार एक पुरुष, एक महिला व एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके संयुक्त कब्जे से लाल रंग के पिट्ठू बैग में खाकी टेप से व्यवस्थित रूप से पैक किया हुआ 15.431 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये है।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा:
गिरफ्तार दंपति ने सनसनीखेज कबूलनामा किया कि, साथ मौजूद नाबालिग बालिका उनकी कोई रिश्तेदार नहीं है। उसे महज कानून की आंखों में धूल झोंकने और पुलिस चेकिंग के दौरान सहानुभूति बटोरने के उद्देश्य से 'परिवार' का सदस्य बनाकर लाया गया था। मासूम बच्चों का नशे के कारोबार में दुरुपयोग की यह घिनौनी साजिश रायपुर पुलिस की चौकस निगाहों से बच न सकी।
गिरफ्तार तस्करों में हंस राज सिंह, पता: ग्राम कंवरका हरियाणा, सोनिया गुज्जर उर्फ सोनू पति हंस राज, एक अपचारी बालिका शामिल हैं। तीनों के विरुद्ध थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 542/2026, धारा 20(बी) स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम 1985* के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दंपति को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। अपचारी बालिका को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम संदीप कुमार पटेल ने बताया कि, रायपुर को नशामुक्त बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सूखे नशे के कारोबारियों, संरक्षणदाताओं और मददगारों सभी पर कानून का हंटर चलेगा। नाबालिगों को ढाल बनाकर अपराध करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। नागरिकों से अपील है कि, नशे के अवैध कारोबार की सूचना बेझिझक पुलिस को दें, सूचना देने वाले का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

