अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश: पुलिस ने तीन वाहन चोरों को धर—दबोचा
जयपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। शिवदासपुरा थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें की निशानदेही पर झालावाड़ के अकलेरा क्षेत्र और मध्य प्रदेश सीमा से चोरी की नौ मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें अधिकांश हीरो स्प्लेंडर और एचएफ डीलक्स हैं। आरोपिताें के खिलाफ लघु संगठित अपराध की धारा भी जोड़ी गई है। फिलहाल आरोपिताें से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि शिवदासपुरा थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह के शातिर बदमाश सुनील बैरागी उर्फ सोनू (23) निवासी बारां, कोमल मेघवाल (23) और अक्षय गौतम (20) दोनों निवासी झालावाड़ को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपिताें ने जयपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चुराना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर ग्राम आमेठा और मध्य प्रदेश सीमा से लगे गांवों में छिपाई गई नौ बाइक बरामद की गईं। ये मोटरसाइकिलें मुख्य रूप से महात्मा गांधी अस्पताल, सीतापुरा और सांगानेर सदर क्षेत्र से चोरी की गई थीं।
पुलिस जांच में आरोपिताें के संगठित रूप से वाहन चोरी कर आर्थिक लाभ कमाने की बात सामने आने पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत लघु संगठित अपराध की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस आरोपिताें से अन्य वारदातों और चोरी के वाहनों की बिक्री के संबंध में पूछताछ कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

