home page

प्रेम विवाह के बाद युवती से मारपीट व जातीय अपमान, पति सहित चार पर मामला दर्ज

 | 

यमुनानगर, 14 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर के थाना बुडिया क्षेत्र में प्रेम विवाह के बाद एक युवती के साथ कथित रूप से जातिगत अपमान, मारपीट और उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर युवती के पति सहित चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत में पीड़िता ने बताया कि उसने 11 अप्रैल को गांव माली माजरा निवासी सचिन के साथ प्रेम विवाह किया था। उसके अनुसार, यह विवाह दोनों पक्षों की सहमति से हुआ था। विवाह के बाद पति उसे जगाधरी स्थित एक होटल में लेकर गया। आरोप है कि वहां आरोपित के परिजनों ने फोन पर बातचीत के दौरान युवती के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया। साथ ही पति पर यह कहकर दबाव बनाया कि उसने निम्न जाति में विवाह कर परिवार की बदनामी की है और यदि वह उसके साथ रहेगा तो वे आत्मघाती कदम उठा लेंगे।

पीड़िता के अनुसार, इस घटना के बाद पति ने होटल में उसके साथ मारपीट की और उसे वहीं छोड़कर चला गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले 7 अप्रैल को गांव नत्थनपुर में उसे बुलाकर पति, उसके भाई नितिन और आर्यन ने मारपीट की थी तथा जातिसूचक टिप्पणी की थी।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपित के साथ उसका छह वर्षों से संबंध था और इस दौरान विवाह का आश्वासन देकर शारीरिक संबंध बनाए गए। पुलिस ने मामले में सचिन, नितिन, अंकिता और आर्यन के विरुद्ध केस दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार