अंतरराज्यीय चोर गिरोह गिरफ्तार, कपड़ा दुकान में की थी चोरी
धमतरी, 17 मार्च (हि.स.)।कपड़ा दुकान का शटर उठाकर कपड़ा व नकदी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय चोर गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों के पास से पुलिस ने कपड़ा व वाहन जब्त किया है। गिरफ्तार सभी तीनों आरोपित राजस्थान के है, जिसे पुलिस ने मध्यप्रदेश से पकड़ा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोहन लाल पाल 65 वर्ष निवासी ग्राम पटेवा, थाना गोबरा नवापारा, जिला रायपुर ने 13 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम नवागांव शासकीय स्कूल के सामने मोती वस्त्रालय में अज्ञात चोरों ने रात में शटर उठाकर चोरी की है। चोरों ने दुकान से करीब एक लाख 37 हजार रुपये मूल्य के कपड़े एवं नगदी चोरी कर ले गया, जिसमें साड़ियां, कपड़े, बैग एवं अन्य सामग्री शामिल है। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर पतासाजी में जुट गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस चौकी करेलीबड़ी ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया। साइबर टीम की सहायता से संदिग्ध एक पिकअप वाहन की पहचान की। वाहन स्वामी के मोबाइल नंबर की ट्रेसिंग के आधार पर टीम को मध्यप्रदेश में लोकेशन मिलने पर तत्काल पुलिस टीम रवाना की गई। यहां पुलिस टीम ने आष्टा, जिला सिहोर मध्यप्रदेश में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को पकड़ा। इसमें सवार तीन लोगों को पकड़कर पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ किया, तो आरोपितों ने छत्तीसगढ़ में चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया और चोरी में उपयोग किए वाहन को जब्त किया। गिरफ्तार आरोपितों में विकम बागडी 20 वर्ष निवासी ग्राम बाछीहेरा थाना कनवास जिला कोटा राजस्थान, बबलू बागड़ी 20 वर्ष निवासी ग्राम अंता थाना अंता जिला बारां राजस्थान और रोहित बागडी 19 वर्ष निवासी ग्राम तलवाड़ा पुलिस लाईन के पास मोग्या बस्ती थाना बारां जिला बारां राजस्थान शामिल है।
आरोपितों के पास से पुलिस ने चोरी किए गए कपड़ों से भरी छह बोरी कपड़ा, पिकअप और लोहे का सब्बल व कुंदा को जब्त कर सभी के खिलाफ जुर्म दर्ज कर जेल भेज दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

