home page

मुख्यमंत्री के बेटी-दामाद के कालोनी में अंतरराज्यीय चोर गिरोह ने की थी चोरी

 | 
मुख्यमंत्री के बेटी-दामाद के कालोनी में अंतरराज्यीय चोर गिरोह ने की थी चोरी


मुख्यमंत्री के बेटी-दामाद के कालोनी में अंतरराज्यीय चोर गिरोह ने की थी चोरी


धमतरी, 23 अप्रैल (हि.स.) । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के बेटी-दामाद के कालोनी में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय चोर गिरोह के एक आरोपित को आज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकी तीन आरोपित अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। गिरफ्तार आरोपित के पास से पुलिस ने कुछ जेवरात व चोरी में उपयोग किए सामाग्री जब्त कर कार्रवाई किया है। गिरफ्तार आरोपित मध्यप्रदेश धार का सक्रिय गिरोह के सदस्य है।

सिटी कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शहर के पाश कालोनी आकाश गंगा में सात व आठ फरवरी की रात हथियार से लैस अंतरराज्यीय चोर गिरोह के चार आरोपितों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। यहां निवासरत क्रेडा अधिकारी, शिक्षक, स्वास्थ्य कर्मचारी और एक पुलिस अधिकारी के घर समेत अन्य घरों में आरोपितों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। चोरों ने इन घरों से नकदी व सोने के जेवरातों की चोरी की थी। रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर पतासाजी में जुटी हुई थी। घटना को अंजाम देने वाले चोरों का सीसीटीवी में फुटेज कैद हो चुका था, इसके आधार पर पुलिस पिछले सवा दो माह से अज्ञात चोराें को ढूंढने में जुटी हुई थी। चोरों को पकड़ना पुलिस के लिए चुनौती बन गया था। इस बीच आरोपितों के मूवमेंट का पता लगाने के लिए विभिन्न स्थानों से टावर डंप प्राप्त किए गए।

जानकारी के अनुसार नौ फरवरी को कोरबा जिले की एनटीपीसी कालोनी में भी इसी प्रकार की चोरी की सूचना प्राप्त हुई। धमतरी पुलिस द्वारा कोरबा पुलिस से समन्वय स्थापित कर घटनास्थल का निरीक्षण एवं सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। वहीं 12-13 फरवरी को अंबिकापुर में भी इसी प्रकार की चोरी की घटना सामने आई। वहां भी टावर डंप, रूट विश्लेषण एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यह पुष्टि हुई कि एक ही गिरोह विभिन्न जिलों में वारदातों को अंजाम दे रहा है। तकनीकी विश्लेषण में पाया गया कि आरोपितों में केवल एक व्यक्ति मोबाइल का उपयोग करता था, वह भी सीमित समय के लिए। आपसी संपर्क के लिए इंस्टाग्राम चैट का उपयोग किया जाता था। मालूम हो कि आकाश गंगा धमतरी निवासी क्रेडा अधिकारी तुलसी राम ध्रुव के घर से चोरों ने सोने की अंगूठी एवं नगदी 25,000 रुपये की चोरी की थी। इसी तरह विकास कटेन्द्र के घर से चांदी के सिक्के, नगदी व घड़ी, रूपेन्द्र कुमार साहू के घर से सोने के आभूषण और पुलिस अधिकारी उत्तम कुमार तिवारी के घर से नकदी 15,000 रुपये चोरी किए थे। कुल एक लाख 28200 रुपये की चोरी आरोपितों ने की थी।

आल इंडिया पुलिस ग्रुप में सीसीटीवी फोटो साझा करने पर आरोपितों की पहचान मध्यप्रदेश के धार जिले के टाटा थाना क्षेत्र के एक सक्रिय चोर गिरोह के रूप में हुई। इसके बाद धमतरी पुलिस टीम ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर मध्यप्रदेश के धार जिले रवाना किया गया। टीम के सदस्य यहां नौ दिनों तक लगातार निगरानी रखते हुए विभिन्न वेशभूषा में रहकर एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपित दिनेश बवानिया 28 वर्ष निवासी टाटा थाना क्षेत्र, जिला धार मध्यप्रदेश है। आरोपित के पास से पुलिस ने चोरी में उपयोग किए पाना, पेचकस आदि बरामद किए। उसके पास से सोने की अंगूठी भी बरामद की गई है, इसकी पहचान की कार्रवाई की जाएगी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी की वस्तुओं को आपस में बांटकर बेच दिया जाता था। चोरी की घटना में शामिल तीन अन्य आरोपित फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। शेष तीन आरोपितों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें से दो की पहचान भी हो चुकी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए शीघ्र ही टीम रवाना की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा