जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपित गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 18 अप्रैल (हि. स.)। सायबर थाना जांजगीर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए आज अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जो छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने नैला क्षेत्र के अनंत विहार में 10 अप्रैल की रात एक सूने मकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। इस मामले में चौकी नैला में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
सायबर टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक संदिग्ध सफेद वर्ना कार (सीजी-04-एचके-6504) की पहचान की। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों का सुराग मिला और नांदघाट से एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने बालाघाट (मध्यप्रदेश) के उकवा गांव में दबिश देकर दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान प्रकाश जावरे (24वर्ष), पप्पू पटेल (22वर्ष) और राजेश पटेल (19वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी से पहले इलाके की रेकी करते थे और फिर रात में सूने मकानों को निशाना बनाते थे।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक कार, तीन मोबाइल फोन, नगदी और सोने-चांदी के आभूषण समेत कुल 2.30 लाख रुपये का सामान जब्त किया है। आरोपियों ने जांजगीर के अलावा मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में भी चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
फिलहाल, पुलिस अन्य फरार आरोपितों और चोरी के गहने खरीदने वाले सोनार की तलाश में जुटी हुई है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक रिमांड पर आज जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में चौकी नैला प्रभारी और सायबर टीम की अहम भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

