home page

कानपुर : 50 हजार की अवैध शराब के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

 | 
कानपुर : 50 हजार की अवैध शराब के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार


कानपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल की जीआरपी ने सोमवार को चेकिंग के दौरान अवैध शराब की तस्करी करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से अलग-अलग ब्रांड की 17 बोतलें बरामद हुईं, जिनमें कुल 12 लीटर 750 मिलीलीटर अंग्रेजी शराब थी। बरामद शराब की कीमत करीब 50 हजार रुपये से अधिक है।

जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह और आरपीएफ कानपुर सेंट्रल के पोस्ट प्रभारी सिद्धनाथ पाटीदार के नेतृत्व में कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के हैरिसगंज पुल से आगे सीपीसी वाशिंग लाइन की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर चेकिंग की जा रही थी।

इसी दौरान पुलिस ने पावर हाउस के पास संदिग्ध अवस्था में मौजूद एक व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम बिहार के गया निवासी रंजीत कुमार बताया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद ट्रॉली बैग से रॉयल ग्रीन क्लासिक ब्लेंडेड व्हिस्की की 15 बोतलें और रॉयल स्टैग प्रीमियर व्हिस्की की दो बोतलें बरामद हुईं। सभी बोतलें 750-750 मिलीलीटर की थीं। पुलिस के मुताबिक, शराब की कुल मात्रा 12 लीटर 750 मिलीलीटर है और इसकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये से अधिक है।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह शराब हरियाणा से लेकर बिहार जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहा था। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास और शराब की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अन्य जनपदों और राज्यों से भी उसके आपराधिक रिकॉर्ड का पता लगा रही है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप