चोरी की मोटरसाइकिल के साथ अंतर्राज्यीय शराब तस्कर गिरफ्तार
देवरिया, 04 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में अपराध एवं अवैध शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना खामपार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल, अवैध देशी शराब और फर्जी नंबर प्लेट के साथ एक अंतर्राज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने शनिवार काे बताया कि खामपार पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम विरमापट्टी ईदगाह के पास से एक व्यक्ति को पकड़ा गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर प्लस बरामद हुई, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट UP57Y3473 लगी थी। इसके अलावा एक प्लास्टिक के झोले में 40 पाउच अवैध देशी शराब “बंटी बबली” (प्रत्येक 200 एमएल, कुल 8 लीटर) भी बरामद की गई। पूछताछ में अभियुक्त की पहचान बीगु गोड़ पुत्र हरिलाल गोड़, निवासी ग्राम इमिलिया थाना भोरे, जिला गोपालगंज (बिहार) के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त चोरी की बाइक से शराब लेकर बिहार जा रहा था। इस संबंध में थाना खामपार पर बीएनएस एवं 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जयसिंह यादव, कांस्टेबल गोनेश कुशवाहा और कांस्टेबल दीपक कुमार शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

