home page

सिरमौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 294 ग्राम हेरोइन के साथ पंजाब के दो युवक गिरफ्तार

 | 
सिरमौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 294 ग्राम हेरोइन के साथ पंजाब के दो युवक गिरफ्तार


नाहन, 11 अप्रैल (हि.स.)। जिला सिरमौर पुलिस के डिटेक्शन सेल ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पंजाब के दो युवकों के कब्जे से 294 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। यह बरामदगी व्यावसायिक मात्रा के अंतर्गत आती है।

जानकारी के अनुसार डिटेक्शन सेल की टीम को शुक्रवार बीती रात नशे की खेप ले जाए जाने की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने नारायणगढ़–बरमा पापड़ी रोड पर अंधेरी के पास नाकाबंदी की। तलाशी के दौरान वहां से गुजर रहे दो संदिग्ध युवकों को रोका गया, जिनकी जांच करने पर उनके पास से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय आकाशदीप सिंह (निवासी मेहंदीपुर, खेमकरण, तरनतारन) और 23 वर्षीय रणजीत सिंह (निवासी मारी मेघा, तरनतारन) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पंजाब के तरनतारन जिले के रहने वाले हैं और इस नशे की खेप को हिमाचल प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में खपाने की योजना बना रहे थे।

पुलिस अब इस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपियों के संबंध किन-किन स्थानीय तस्करों से जुड़े हुए हैं।

पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कालाअंब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को जल्द ही न्यायालय में पेश कर रिमांड लिया जाएगा, जिससे इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर