home page

अंतर्राज्यीय हथियार तस्कर गिरफ्तार, उत्तरप्रदेश-उत्तराखंड नेटवर्क का खुलासा

 | 
अंतर्राज्यीय हथियार तस्कर गिरफ्तार, उत्तरप्रदेश-उत्तराखंड नेटवर्क का खुलासा


ऊधमसिंह नगर, 13 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद हुए हैं, जिससे उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में सक्रिय तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, एसटीएफ और पुलभट्टा पुलिस की संयुक्त टीम ने वैगनआर कार में हथियारों की खेप लेकर उत्तराखंड आ रहे हथियार तस्कर को रुद्रपुर के पुलभट्टा क्षेत्र में घेराबंदी कर दबोच लिया। इस कार्रवाई से एक बड़े अंतर्राज्यीय हथियार तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने में सफलता मिली है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान महेश गंगवार पुत्र नन्हे लाल गंगवार, निवासी ग्राम आमखेड़ा, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है,जो वर्तमान में किच्छा क्षेत्र में रह रहा था।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने साेमवार काे बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के अंतर्गत राज्य में सक्रिय गैंग और अवैध हथियार तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यूपी–उत्तराखंड बॉर्डर पर हथियार तस्करी की सूचना मिलने पर टीम गठित कर कार्रवाई की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये हथियार उत्तर प्रदेश की अवैध फैक्ट्रियों में तैयार किए गए थे और इन्हें उत्तराखंड में सप्लाई किया जाना था।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ थाना पुलभट्टा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपी के पास से 6 तमंचे (.315 बोर), 1 राइफल (12 बोर), 2 खोखा कारतूस (.32 बोर) और एक वैगनआर कार बरामद की गई है। एसटीएफ के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 21 अवैध हथियार और 35 कारतूस बरामद कर 8 शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो अभियान की निरंतर सफलता को दर्शाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय