अंतरजिला चोरी गिरोह का भंडाफोड़, दो कुख्यात चोर गिरफ्तार
किशनगंज, 19 मार्च (हि. स.)। जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतरजिला चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो कुख्यात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही उनके पास से करीब 50 हजार रुपये मूल्य के चोरी के सामान बरामद किए गए हैं, जबकि इस गिरोह द्वारा लगभग 2 लाख रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था।
गुरुवार को सदर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ-1 गौतम कुमार ने बताया कि जिले में बढ़ रही चोरी की घटनाओं के उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने किशनगंज के साथ-साथ कटिहार और पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर दो आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित राय उर्फ बाबू तथा शिव शर्मा उर्फ राजा शर्मा के रूप में हुई है, जो धर्मगंज मझिया रोड क्षेत्र के निवासी हैं।
दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का मोबाइल, तांबा एवं पीतल के बर्तन, एलईडी टीवी और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान में लिची बगान धर्मगंज स्थित एक सैन्य अधिकारी के बंद घर से चोरी गया मोबाइल, केला बगान और डुमरिया काली मंदिर के पास से चोरी हुआ टीवी सहित अन्य सामान शामिल हैं। दोनों आरोपी पूर्व में भी वार्ड पार्षद प्रमिला तिवारी समेत कई लोगों के घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी लंबा रहा है। अंकित राय उर्फ बाबू के खिलाफ किशनगंज सदर थाना में 10 मामले दर्ज हैं, जबकि शिव शर्मा उर्फ राजा शर्मा के विरुद्ध 7 मामले दर्ज हैं।
ये सभी मामले वर्ष 2023 से अब तक दर्ज किए गए हैं, जिनमें कई मामलों में आरोपी फरार चल रहा था। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और अन्य चोरी की घटनाओं में संलिप्तता की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

