home page

धौलपुर में बीमा कंपनी के प्रबंधक ने पत्नी के साथ किया सुसाइड

 | 
धौलपुर में बीमा कंपनी के प्रबंधक ने पत्नी के साथ किया सुसाइड


धौलपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। धौलपुर में यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के वरिष्ठ प्रबंधक बलराम मीणा ने अपनी पत्नी सरोज मीणा के साथ सुसाइड कर लिया। सोमवार दोपहर दोंनों के शव के अलग-अलग कमरों में पंखों से फंदे से लटके मिले। शवों के पास से एक सुसाइड नोट भी मिल है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। शहर के निहालगंज थाना इलाके की गुरूद्वारा कालोनी में एक मकान में पति-पत्नी के शव पंखे में फंदे में लटके होने की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा,सीओ सिटी प्रदीप कुमार नेहरा तथा निहालगंज थाना प्रभारी देवेन्द्र शर्मा मौके पर पंहुचे। पुलिस ने मृतक बलराम मीणा के दोस्त तथा आसपास के लोगों के साथ में मकान का गेट खुलवाया तथा हालात का जायजा लिया। पुलिस टीम ने दोंनों के शवों को फंदों से निकालकर जिला अस्पताल पंहुचाया।

सीओ सिटी प्रदीप कुमार नेहरा ने बताया कि करौली के मोहनुपरा निवासी बलराम मीणा अपनी पत्नी सरोज मीणा तथा पुत्र आरुष के साथ में गुरुद्वारे के पास एक किराए के मकान में रहते थे। सोमवार दोपहर करीब 37 वर्षीय बलराम मीणा तथा करीब 35 वर्षीय उनकी पत्नी सरोज मीणा के शव अलग-अलग कमरों में फंदे में झूलते मिले। इस दौरान उनका चार साल का बेटा आरुष स्कूल गया हुआ था। निहालगंज थाना प्रभारी देवेन्द्र शर्मा ने बताया कि शहर के धूलकोट इलाके में स्थित यूनाइटैड इंडिया इंश्योरेंश कंपनी में वरिष्ठ शाखा प्रबंधक के रूप में तैनात बलराम मीणा ने मरने से पहले डायरी में सुसाइड नोट भी लिखा है। सुसाइड नोट में कुछ लोगों से पैसे वापस लेने,बेटे आरुष का ध्यान रखने तथा हालात से परेशान होने की बात कहते हुए आराम करने की बात लिखी है। पुलिस ने मृतक बलराम मीणा के परिजनों को सूचना देते हुए मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस द्वारा मौके पर एफएसएल टीम भी बुलाई गई है तथा मौके से मिले सुसाइड नोट तथा अन्य हालातों को देखते हुए हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप