इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद युवती को बनाया फ्रॉड का शिकार : 16.30 लाख ऐंठे
जोधपुर, 01 जून (हि.स.)। शहर के भगत की कोठी एरिया में रहने वाली एक युवती को इंस्टाग्राम पर युवक से दोस्ती करना भारी पड़ गया। युवक ने उसे ऑनलाइन इंवेस्टमेंट का झांसा देकर फांस लिया और फिर 16.30 लाख रूपए ऐंठ लिए। पीडि़ता ने अपने घर में रखे मां के गहने तक बेच डाले। बाद में परिवार को गहनों की जरूरत पड़ी तब इसका खुलासा हुआ। अब पीडि़ता की तरफ से भगत की कोठी थाने में फ्रॉड का केस दर्ज कराया गया है।
थानाधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र रहने वाली एक युवती ने यह रिपोर्ट दी है। उसका कहना है कि वर्ष 2022 में उसकी दोस्ती इंस्टाग्राम पर नरेंद्र जांगिड़ नाम के शख्स के साथ हुई थी। बाद में वह दोस्ती के बहाने से उसे बताया कि वह ऑनलाइन इंवेस्टमेंट का काम करता है। यदि वह ऑनलाइन रूपए लगाती है तो उसे काफी बड़ा मुनाफा दिलाएगा। इस पर पीडि़ता उसके झांसे आ गई।
नरेंद्र जांगिड़ ने युवती के दो तीन बैंक एकाउंट तक खुलवा दिए। फिर उससे रूपए लेता गया और अपना शिकार बनाता गया। बाद में नरेंद्र जांगिड़ ने उसे ब्लैकमेल करने लगा कि उसके खाते से मिल रही रकम के कारण वह साइबर फ्रॉड केस में फंस सकती है और वह उसे बचाने के नाम पर पैसे मांगता गया। आरोपी नरेंद्र जांगिड़ ने किसी प्रमोद शर्मा नाम के शख्स का भी सहारा लिया। वह खुद प्रमोद शर्मा बनकर बात करता या वह कोई और है इस बारे में पता लगाया जा रहा है। थानाधिकारी सुरेश कुमार के अनुसार युवती ने साइबर केस में फंसने के डर के मारे अपनी मां के गहनों को बेचती गई और इस तरह नरेंद्र जांगिड़ को 16 लाख 30 हजार रूपए दे दिए। पीडि़ता की तरफ से दर्ज कराई रिपोर्ट पर अब जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

